Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: अब आधार सेवाओं के लिए नहीं होगी भागदौड़, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 17/06/2026 06:19:57 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 17/06/2026 06:19:57 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली बरेली और आसपास के जिलों के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली बरेली और आसपास के जिलों के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का पहला अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र अब बरेली में पूरी क्षमता के साथ संचालित होना शुरू हो गया है। इस केंद्र के शुरू होने से लोगों को आधार कार्ड बनवाने, संशोधन कराने और अन्य अपडेट संबंधी सेवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। अब सभी आधार सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह नया आधार सेवा केंद्र डी-115 ए, गुलमोहर पार्क, संकल्प हॉस्पिटल के निकट, के.के. हॉस्पिटल रोड, राजेंद्र नगर, बरेली में स्थापित किया गया है। केंद्र प्रशासन के अनुसार यहां नागरिकों को आधार से जुड़ी लगभग सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ आधार में पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, फोटो और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा दी जा रही है। इसके अतिरिक्त नाम, जन्मतिथि और लिंग संबंधी संशोधन भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किए जा रहे हैं।

केंद्र को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है और इसका संचालन पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर किया जा रहा है, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। प्रत्येक प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की अलग-अलग तैनाती की गई है, ताकि नागरिकों को कम समय में बेहतर सेवाएं प्राप्त हो सकें। विशेष बात यह है कि इस केंद्र में प्रतिदिन लगभग 1500 आधार संबंधी आवेदनों के निस्तारण की क्षमता विकसित की गई है। नागरिकों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए हेल्पडेस्क की भी व्यवस्था की गई है। केंद्र प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यहां आधार सेवाओं के लिए केवल UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा और किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा। बरेलीवासियों के लिए यह भी बड़ी सुविधा है कि यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा। केंद्र का संचालन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा। नागरिक सुविधा के लिए UIDAI वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लंबी कतारों से बचा जा सकेगा। तेजी से बढ़ती डिजिटल जरूरतों के बीच यह केंद्र लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा।