Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: वारदात की फिराक में घूम रहे तीन बदमाश गिरफ्तार, 2 पिस्टल समेत हथियार बरामद

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 11/08/2026 04:57:34 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 11/08/2026 04:57:34 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रेकडाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। 

विस्तार

हरियाणा: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रेकडाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मथुरा रोड स्थित अजरौंदा चौक के पास ब्रेजा कार में सवार तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार मैगजीन और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जा रही ब्रेजा कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसंत, आकाश उर्फ मोनू और योगेश उर्फ योगी के रूप में हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 8 अगस्त को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना सेंट्रल क्षेत्र के अजरौंदा चौक के पास कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, मौके पर एक ब्रेजा कार में तीन युवक बैठे मिले। तलाशी के दौरान आकाश उर्फ मोनू के कब्जे से एक देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। योगेश उर्फ योगी के पास से एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन मिलीं। दोनों मैगजीन में छह-छह जिंदा कारतूस मिले। वहीं बसंत के कब्जे से भी एक देसी पिस्टल और दो मैगजीन बरामद की गईं, जिनमें छह-छह जिंदा कारतूस थे। इस तरह पुलिस ने कुल दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार मैगजीन और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से हथियारों की खरीद, सप्लाई और संभावित वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है।

जांच में पुलिस को वर्ष 2020 की एक पुरानी घटना से भी कड़ी जुड़ी होने की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, उस समय बसंत के भाई के पैर में गोली मारी गई थी। इस संबंध में देवेंद्र और योगी के खिलाफ थाना मुजेसर में मामला दर्ज हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी हथियार लेकर वारदात की तैयारी में थे। पुलिस जांच के मुताबिक, बसंत प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है, जबकि योगेश उर्फ योगी वेल्डिंग का काम और आकाश उर्फ मोनू वर्कशॉप में काम करता है। तीनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों और हथियार खरीदने के स्थान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में हथियार दूसरे राज्यों से लाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने हथियारों के संभावित स्रोत की जानकारी जुटा ली है और संबंधित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई की जा रही है। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराध की योजना बनाने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।