Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: भरोसे का हुआ कत्ल, बेटे ने संपत्ति के लालच में 65 वर्षीय महिला की हत्या

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 05/05/2026 05:27:50 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 05/05/2026 05:27:50 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली के सुभाषनगर इलाके में भरोसे और रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली के सुभाषनगर इलाके में भरोसे और रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उम्र के आखिरी पड़ाव पर धर्म-कर्म में लीन रहने वाली 65 वर्षीय शारदा यादव की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनके ही मुंहबोले बेटे वरुण पाराशरी ने कर दी। जिस बेटे को वह अपने सगे बेटों से बढ़कर मानती थीं, उसी ने संपत्ति के लालच में उनका जीवन छीन लिया।

जानकारी के मुताबिक, शारदा यादव का परिवार संपन्न और व्यवस्थित था। उनके पति एलआईयू के सेवानिवृत्त दरोगा गजराज सिंह हैं और तीन बेटे हैं, जिनमें एक मुरादाबाद में शिक्षक, दूसरा निजी नौकरी में और तीसरा पढ़ाई कर रहा है। अक्तूबर 2025 में नगर निगम में टैक्स जमा करने के दौरान शारदा की मुलाकात वरुण पाराशरी से हुई थी। एक रिश्तेदार ने उसे परिवार के काम का भरोसेमंद व्यक्ति बताकर मिलवाया। धीरे-धीरे वरुण घर में घुल-मिल गया। वह शारदा को ‘मम्मी’ कहकर बुलाता और उनकी देखभाल करता। शारदा भी उसे अपने चौथे बेटे जैसा स्नेह देने लगीं, यहां तक कि कई बार अपने सगे बेटों की तुलना में वरुण की तारीफ कर देती थीं।

मंदिर ले जाने का बहाना, रास्ते में रच दी साजिश

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वरुण अक्सर शारदा को मंदिर और सत्संग के बहाने बाहर ले जाता था। घटना वाले दिन भी उसने ‘बांके बिहारी मंदिर’ घुमाने का बहाना बनाया। परिवार की नाराजगी से बचने के लिए शारदा बैंक जाने की बात कहकर घर से निकलीं, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर होगा। वरुण ने सुनियोजित तरीके से कार में ही उनकी हत्या कर दी और शव को पीलीभीत जिले के जहानाबाद इलाके में झाड़ियों में छिपा दिया।

सर्विलांस और सीसीटीवी से खुला राज

दो मई को शारदा के लापता होने के बाद परिवार ने रिश्तेदारों में तलाश शुरू की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो सुभाषनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की। जांच में शारदा का फोन पुलिस लाइन के पास बंद होना मिला और कॉल डिटेल में वरुण का नंबर सामने आया। शक गहराने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती करने पर वह टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली।

कार से मिला खून, पाना बना हत्या का हथियार

एसओजी टीम ने वरुण की कार की तलाशी ली, जिसमें खून के निशान मिले। साथ ही टायर बदलने वाला पाना बरामद हुआ, जिससे हत्या की गई थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जहानाबाद से शारदा का शव बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि शारदा करीब ढाई लाख रुपये के जेवर पहनकर घर से निकली थीं, जो अभी तक बरामद नहीं हुए हैं।

संपत्ति के लालच में की निर्मम हत्या

पुलिस के अनुसार, वरुण को उम्मीद थी कि शारदा उसे अपनी संपत्ति में चौथा हिस्सा देंगी, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो उसने लालच में आकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपी ने मां-बेटे के रिश्ते का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।