-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी, अक्टूबर में 374 खोए और चोरी हुए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अक्टूबर 2026 में पुलिस ने CEIR पोर्टल और आधुनिक सर्विलांस तकनीक की मदद से 374 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में जिले की साइबर टीमों और जनपदीय सर्विलांस सेल ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर 2026 तक कुल 3,880 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 76 लाख 20 हजार रुपये है। अक्टूबर माह की बरामदगी में बहेड़ी थाना 35 मोबाइल फोन के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं बिथरी चैनपुर ने 27, कोतवाली और इज्जतनगर ने 26-26 तथा सुभाषनगर ने 22 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा जिले के अन्य थानों की साइबर टीमों ने भी मोबाइल बरामदगी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, अक्टूबर में ट्रेसबिलिटी के आधार पर 100 प्रतिशत मोबाइल बरामदगी करने वाली 23 थानों की साइबर टीमों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक टीम को एक हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस का कहना है कि CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से मोबाइल खो चुके लोगों को बड़ी राहत मिली है।
