Contact for Advertisement 9650503773


झारखण्ड:  कतरास में ‘होटल आश्रय’ पर उठे सवाल, पुलिस जांच के बाद एहतियातन बंद

- Photo by : SOCIAL MEDIA

झारखण्ड  Published by: Ankit Kumar Singh , Date: 14/02/2026 05:59:59 pm Share:
  • झारखण्ड
  • Published by: Ankit Kumar Singh ,
  • Date:
  • 14/02/2026 05:59:59 pm
Share:

संक्षेप

झारखण्ड:  कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह हीरक रोड स्थित मानसिंह कुरवा बस्ती के समीप संचालित होटल आश्रय (पूर्व में OYO होटल) को लेकर शुक्रवार को इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कथित अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों से नाराज ग्रामीणों ने होटल का घेराव कर

विस्तार

झारखण्ड:  कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह हीरक रोड स्थित मानसिंह कुरवा बस्ती के समीप संचालित होटल आश्रय (पूर्व में OYO होटल) को लेकर शुक्रवार को इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कथित अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों से नाराज ग्रामीणों ने होटल का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और तत्काल बंद करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि होटल लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों का केंद्र बना हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन और जिला अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से असंतोष बढ़ता गया। शुक्रवार को जब चार बाइक से युवक-युवतियों को होटल परिसर में प्रवेश करते देखा गया, तो आसपास के गांवों—मानसिंह कुरवा, कोलमुरना, श्यामडीह, लेधीडुमार, रेगुनीबारी और बहराकुदर—के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति की जानकारी मिलते ही कतरास महिला थाना प्रभारी बरसा रानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। होटल के अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा उनकी पहचान सार्वजनिक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि होटल में दिन-रात संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे इलाके का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा था। स्थानीय महिलाओं और छात्राओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही थी। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें धमकी दी जाती थी।

कतरास थाना प्रभारी असित कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित व्यक्तियों को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। मौके से चार बाइक जब्त की गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एहतियातन होटल को बंद करा दिया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।