Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: खुर्जा में श्री राधा जी का पंचम दिव्य बधाई महोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Jay Prakash Sharma , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 29/09/2026 03:31:40 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Jay Prakash Sharma ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 29/09/2026 03:31:40 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: खुर्जा श्री राधा अष्टमी महोत्सव समिति, खुर्जा के तत्वावधान में शारदा जैन अतिथि भवन में श्री राधा जी का पंचम दिव्य बधाई महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: खुर्जा श्री राधा अष्टमी महोत्सव समिति, खुर्जा के तत्वावधान में शारदा जैन अतिथि भवन में श्री राधा जी का पंचम दिव्य बधाई महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। भव्य संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर राधा रानी की भक्ति में स्वयं को सराबोर कर लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश वंदना, श्री कृष्ण स्तुति, महामंत्र एवं गुरु वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात पुलकित रसिक, तनुज गोस्वामी, विक्की सुनेजा एवं ग्रुप, दीपक गर्ग, आशीष यादव, डीसी गुप्ता कांटे वाले, आशुतोष गुप्ता, कैलाश वर्मा, अभिषेक शर्मा, सोनू कोली, जितेंद्र अग्रवाल, मुकुल सैनी, राहुल गुप्ता, सरिता गुप्ता, प्रनिता गुप्ता, ममता अग्रवाल सहित अन्य भक्तों ने राधा रानी की महिमा का गुणगान किया।

संकीर्तन के दौरान “राधा रानी को भयो अवतार, बधाई बाज रही”, “मीठे रस से भरियो री, राधा रानी लागे”, “राधा तू बड़भागिनी, कौन तपस्या कीन” तथा “राधा गोरी-गोरी, वृंदावन में धूम मचावे ” जैसे भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और राधा रानी के जयकारे लगाते नजर आए।

इसके पश्चात राधा रानी के प्राकट्य एवं छठी उत्सव की दिव्य बधाइयों का सिलसिला शुरू हुआ। “प्रगट भई राधिका”, “पलना झुलावे यशोदा मैया”, “छोटी सी किशोरी मेरे अंगना में डोले रे” तथा “मैं तो भानु बाबा के घर जाऊंगी, बधाई लेके आऊंगी” जैसे बधाई गीतों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और जमकर नृत्य किया। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को राधा रानी के जन्मोत्सव, छठी उत्सव एवं दिव्य बधाई महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। प्रसाद स्वरूप खिलौने, टॉफी, चॉकलेट एवं मिठाइयों का वितरण किया गया।

समिति के अध्यक्ष दीपक गर्ग ने बताया कि समिति का उद्देश्य भक्ति, संगीत एवं निष्काम संकीर्तन के माध्यम से राधा-कृष्ण प्रेम और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजक आशीष यादव ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग एवं सहभागिता के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डीसी गुप्ता, जिला अध्यक्ष, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने कहा कि यह अद्भुत, अलौकिक एवं दिव्य महोत्सव रहा। संपूर्ण वातावरण राधा रानी के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण का भरपूर आनंद लिया।

अंत में राधा रानी के जयघोष एवं आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भक्तिभाव से सराबोर होकर अलौकिक आनंद की अनुभूति की। महोत्सव में समिति के पदाधिकारी, सदस्य, श्रद्धालु एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।