Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: गाडरवारा में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, 10 संभागों के 160 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Arun Shrivastava , मध्य प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 24/10/2026 11:18:03 am Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Arun Shrivastava ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 24/10/2026 11:18:03 am
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री  उदय प्रताप सिंह की मौजूदगी में 19 वर्षीय बालक आयु वर्ग की छह दिवसीय 70 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को गाडरवारा स्थित

विस्तार

मध्य प्रदेश: प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री  उदय प्रताप सिंह की मौजूदगी में 19 वर्षीय बालक आयु वर्ग की छह दिवसीय 70 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को गाडरवारा स्थित रुद्र मैदान में रंगारंग समारोह के साथ हुआ। यह प्रतियोगिता 28 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें मध्यप्रदेश के 10 संभागों के 160 खिलाड़ी एवं 30 ऑफिशियल्स सहभागिता कर रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न संभागों के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। मंत्री  सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न संभागों से खिलाड़ियों का गाडरवारा में एकत्रित होना प्रसन्नता की बात है। इस आयोजन में मध्यप्रदेश की विविधता में एकता की सुंदर झलक देखने को मिल रही है। खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुशासन सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करती हैं। खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। खेल में निरंतर प्रयास, मेहनत और समर्पण से सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने इस आयोजन को विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

मंत्री  सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। खेल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ मानसिक मजबूती और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक हैं। टीम खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने, निर्णय लेने और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने जैसे गुण विकसित होते हैं, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उपयोगी साबित होते हैं।उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी संभागों के खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण के साथ खेलें तथा अपने प्रदर्शन से अपने विद्यालय, संभाग और प्रदेश का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी संघ व पूर्व राज्यसभा सांसद  कैलाश सोनी ने कहा कि इस आयोजन में प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई दे रही है। सभी का उद्देश्य गाडरवारा का नाम प्रदेश और देश में गौरवान्वित करना है। उन्होंने गाडरवारा के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चे मैदानी खेलों से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में शालेय खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने, उनके शारीरिक विकास और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से दर्शकों को बेहतर मुकाबले देखने को मिलेंगे और स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। 

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष  शिवाकांत मिश्रा ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन, मां सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात काबरा मेमोरियल स्कूल के दल सहित प्रतियोगिता में भाग ले रहे विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर खेल भावना और एकता का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों का अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में छात्र द्वारा खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता करने की शपथ दिलाई गई। शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं जनजातीय छात्रावास की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को रंगारंग बनाया।

उद्घाटन समारोह के अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता ठाकुर, पूर्व विधायक  नरेश पाठक, नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति अग्रवाल, डॉ अभिलाष मिश्रा, श्रीमती ममता पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  गजेन्द्र नागेश, संयुक्त संचालक जबलपुर संभाग  अरुण इंगले, एसडीएम प्रगति वर्मा, सहायक संचालक श्रीमती सीमा डोंगरे,  वीरेंद्र राजपूत, बीआरसी  डी.के. पटेल,  संदीप स्थापक, प्राचार्य  प्रतुल इंदुरख्या, एस.के. मिश्रा, अनुज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, पत्रकार एवं खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक  दीपक अग्निहोत्री एवं  मनीष शंकर तिवारी ने किया। छह दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों की टीमें खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी।