Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जल संरक्षण और स्वच्छता का लिया संकल्प दिलाया

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Arun Shrivastava , Date: 19/03/2026 02:04:04 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Arun Shrivastava ,
  • Date:
  • 19/03/2026 02:04:04 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री  प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि गांव-गांव तक नागरिकों के लिए शुद्ध पेयजल पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है, गांवों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

विस्तार

मध्य प्रदेश: प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री  प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि गांव-गांव तक नागरिकों के लिए शुद्ध पेयजल पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है, गांवों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अब समय आ गया है कि सभी ग्रामीणजन मिलकर गांव की समस्याओं का निपटारा गांव में ही करें। उन्होंने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर सभी संकल्प ले कि बरसात के पानी को व्यर्थ नहीं बहने देंगे, बरसात के पानी को गांव में ही रोकने का प्रबंध करेंगे, इससे गांव में पानी की कमी नहीं होगी। उक्ताशय के विचार मंत्री  पटेल ने जिले के करेली ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम देवाकछार में लोकार्पण/ भूमिपूजन कार्यक्रम में व्यक्त किए। मंत्री  पटेल व अन्य अतिथियों ने 79.97 लाख रुपये की लागत से नल-जल योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने 17.30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान और 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री  जालम सिंह पटेल,  रामसनेही पाठक, सीईओ जिला पंचायत  गजेन्द्र सिंह नागेश, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

मंत्री  प्रहलाद सिंह पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना होगा, नशे की वस्तुओं का त्याग करना होगा। उन्होंने कहा कि पहले गांव की दुकानों में किराना की सामाग्री जरूरत के हिसाब से मिलती थी, लेकिन अब गांव में ही नशे की वस्तुएं मिलने की खबर आती है। यह खबर स्वस्थ समाज के लिए ठीक नहीं है। गांव में किसी भी प्रकार के नशे की वस्तुएं न बिके, इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा, जिससे स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि गांव के समग्र विकास की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों सहित सभी नागरिकों की है। गांव में पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की चिंता करते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य पूर्व प्रधानमंत्री स्व.  अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में शुरू हुआ, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की ऐसी बस्तियां जहां न्यूनतम आबादी है, वहां भी पक्की सड़कों का निर्माण कार्य सरकार के द्वारा किया जाएगा। मंत्री  पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई नल-जल योजना से अब प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे जलजनित बीमारियों में कमी आई है। उन्होंने बताया कि अब इन योजनाओं का संचालन ग्राम पंचायतों के माध्यम से किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए गंभीरता से कार्य करे। उन्होंने अपील की है कि पानी का दुरुपयोग न करें और सामूहिक रूप से जल संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध होता रहे।

मंत्री  पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवनों का निर्माण किया गया है, ताकि विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सभी को शासकीय संपत्तियों की देखभाल करनी चाहिए और स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए। महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने की बात कही, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।  मंत्री  पटेल ने बताया कि विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) के तहत  पंचायतों को लगभग एक करोड़ रुपये तक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जरूरतमंद एवं पात्र हितग्राहियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत सभी पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।