-
☰
राजस्थान: कोटपूतली कन्या महाविद्यालय में एनएसएस शिविर के तीसरे दिन महिला सशक्तिकरण कार्यशाला
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: पाना देवी राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटपूतली में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन प्रोबेशनरी RPS पल्लवी गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण वि
विस्तार
राजस्थान: पाना देवी राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटपूतली में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन प्रोबेशनरी RPS पल्लवी गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में महिला सशक्तिकरण विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनकर अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने और सशक्त व्यक्तित्व विकसित करने का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि RPS पल्लवी गुप्ता ने कहा कि आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त महिला होती है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ कौशल विकास पर ध्यान देने, स्वयं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मोबाइल के दुरुपयोग से बचते हुए उसे शिक्षा और सकारात्मक कार्यों में उपयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें सफल होने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के तहत राज्य सरकार की महिला पुलिस की कालिका यूनिट से कुसुम लता ने छात्राओं को RAJCOP Citizen App एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1090, 100 और 112 के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मोबाइल एप डाउनलोड करने और उनके प्रभावी उपयोग के बारे में भी बताया। राजनीति विज्ञान के सहायक आचार्य विमल यादव ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से छात्राओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। शिविर के तीसरे दिन छात्राओं ने स्वच्छता गतिविधियों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं और नेतृत्व क्षमता विकास से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया, जिनमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती यामिनी यादव एवं डॉ. प्रिया खंगरावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर की दैनिक गतिविधियों की जानकारी दी। राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयोजक डॉ. जे. आर. गुर्जर ने छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों के व्यावहारिक पक्षों से अवगत कराया तथा संयोजन, समायोजन और सहयोग की भावना विकसित करने हेतु गतिविधियों का संचालन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ और स्वयंसेविकाएं उपस्थित थी।