Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: ‘ब्रेन डेड’ घोषित महिला की एंबुलेंस के झटके से लौटी सांसें, 8 दिन बाद हुई स्वस्थ

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , Date: 13/03/2026 02:55:45 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Chhatra Pal ,
  • Date:
  • 13/03/2026 02:55:45 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: पीलीभीत बरेली कभी-कभी जिंदगी ऐसे मोड़ पर लौट आती है, जहां उम्मीद पूरी तरह खत्म हो चुकी होती है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: पीलीभीत बरेली कभी-कभी जिंदगी ऐसे मोड़ पर लौट आती है, जहां उम्मीद पूरी तरह खत्म हो चुकी होती है। बरेली के एक निजी अस्पताल में ‘ब्रेन डेड’ घोषित की गई पीलीभीत की महिला की सांसें उस वक्त लौट आईं, जब परिजन एंबुलेंस से शव समझकर उन्हें घर ले जा रहे थे। रास्ते में सड़क के गड्ढे से लगे तेज झटके के बाद महिला के शरीर में हरकत हुई और सांसें चलने लगीं। यह देख परिजन हैरान रह गए और रोते-बिलखते चेहरों पर अचानक उम्मीद लौट आई। पीलीभीत शहर निवासी विनीता शुक्ला जिला न्यायालय में लिपिक पद पर कार्यरत हैं। उनके पति कुलदीप शुक्ला के अनुसार 22 फरवरी को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा। परिवार का आरोप है कि 24 फरवरी को डॉक्टरों ने विनीता को ब्रेन डेड घोषित कर दिया और वेंटिलेटर से हटा दिया। इसके बाद परिजन उन्हें एंबुलेंस से पीलीभीत घर ले जाने लगे।

सड़क के गड्ढे से लगा झटका और सांसें चलने लगीं

परिजन जब एंबुलेंस से बरेली-पीलीभीत मार्ग पर लौट रहे थे, तभी हाफिजगंज के पास सड़क के गड्ढे में एंबुलेंस का पहिया गिर गया। तेज झटके के बाद अचानक विनीता के शरीर में हलचल होने लगी और उनकी सांसें चलती दिखाई दीं। परिजन यह देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस का रुख वापस शहर की ओर मोड़ दिया और पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

आठ दिन इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ

पीलीभीत के अस्पताल में न्यूरो चिकित्सकों ने विनीता का इलाज शुरू किया। करीब आठ दिन तक चले उपचार के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो गईं और घर लौट आईं। पति कुलदीप शुक्ला का कहना है कि सड़क के गड्ढे से लगे झटके के बाद ही उनकी पत्नी की सांसें लौटीं। वह इसे भगवान का चमत्कार मानते हैं।