Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: गूंजा नारी शक्ति वंदन, श्रुति चौधरी ने पदयात्रा से भरा जोश

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Mainpal , हरियाणा  Edited By: Kunal, Date: 16/04/2026 06:00:08 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Mainpal ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 16/04/2026 06:00:08 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: तोशाम 16 अप्रैल के स्थानीय तिकोना पार्क में जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई और जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई।

विस्तार

हरियाणा: तोशाम 16 अप्रैल के स्थानीय तिकोना पार्क में जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई और जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। उन्होंने यहां पहुंचते ही शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया।  कार्यक्रम के दौरान श्रुति चौधरी की अगवाई में तिकोना पार्क से पूर्व मंत्री स्व.चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा स्थल तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम के उपलक्ष में जोरदार पद यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं का जोश देखते ही बन रहा था। कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने अपने संदेश से कार्यक्रम में मौजूद हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं में जोश भरने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच के चलते ही देश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने जा रहा है। इससे लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे महिलाओं के सशक्त नेतृत्व में  देश, प्रदेश और समाज का तेज गति से विकास होगा। कार्यक्रम में नगराधीश अनिल कुमार, तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, भाई मोहित भी मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि देश का नेतृत्व श्री मोदी जी के हाथों में है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के चलते हरियाणा की ऐतिहासिक नगरी पानीपत से 22 जनवरी 2015 को बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की थी। परिणाम स्वरूप इस अभियान से न केवल देश और प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार हुआ बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान में वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि एक समय था जब बेटियों को कोख में ही मरवाने की बात सुनते थे, वहीं आज बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ अभियान और महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक कल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं में आत्म सम्मान की भावना प्रबल हुई है। आज बेटियों के जन्म पर उत्सव मनाया जाता है। 

उन्होंने कहा कि वही समाज और देश आगे बढ़ता है, जहां पर नारी का सम्मान होता है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने से देश की कुल आबादी का जो 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं का है, वह सबल होगा। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के उपलक्ष में आज गली-गली गांव- गांव में उत्सव मनाने का समय है। सभी नागरिकों को इस अधिनियम का स्वागत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा पंचायत और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा चुका है, परिणाम स्वरूप आज इन संस्थानों में महिलाओं का नेतृत्व देखने को मिलता है। आज महिलाएं अपनी आवाज को मजबूती के साथ उठा रही हैं, अपने हक का निर्णय स्वयं ले रही हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि 21 साल पहले चौधरी सुरेंद्र सिंह के निधन के चलते चौधरी बंसीलाल ने पगड़ी मेरे सिर पर रखी थी। आज यदि चौ. बंसीलाल होते तो वह अपनी पौत्री को मंत्री पद को सुशोभित होते देखकर खुश होते। 

श्रुति चौधरी के नेतृत्व में निकली नारी शक्ति वंदन पदयात्रा जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी के नेतृत्व में तिकोना पार्क से पूर्व मंत्री स्व. चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा स्थल तक जोरदार पद यात्रा निकाली गई। महिलाओं ने अपने हाथों में नारी शक्ति सम्मान में लिखे नारों की पट्टियां ली हुई थी, जिन पर नारी शक्ति का सम्मान देश का सम्मान, अब नेतृत्व की बारी है, नारी शक्ति वंदन अधिनियम जिम्मेदारी है, हर तीन में हो एक नारी अब संसद में हो सशक्त भागीदारी, नारी का सम्मान देश का स्वाभिमान आदि अनके नारे नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत कर रहे थे। वहीं कैबिनेट मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में अपने हस्ताक्षर किए।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी वैशाली ने कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का स्वागत किया और विभाग की तरफ से क्रियान्वित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने उल्लेखनीय कार्य करने वाली डॉ सुमन विश्वकर्मा, डॉ नंदिनी लांबा, फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच सोनिका, डिप्टी एलडीएम लाजवंती और जिला कार्यक्रम अधिकारी वैशाली को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं सिवानी की एसडीएम विजया मलिक ने कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मीना परमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर मनोज और पूनम ने किया। इस दौरान एडवोकेट हरि सिंह सांगवान, राजकुमार जांगड़ा, जयसिंह फोगाट, कृष्ण लेघा, सरपंच राजेश, प्रदीप प्रजापत, सुनील भारीवास, जिला सचिव अनुश्री, सोनिया अत्री, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, सुपरवाइजर पंकज, कुसुम, नीलम सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी अधिकारी, कर्मचारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रही।