Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: पत्रकार सुरक्षा कानून पर सरकार गंभीर, मांगों पर होगा चरणबद्ध समाधान 
 

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ajay Singh Tomar , मध्य प्रदेश  Edited By: Namita Chauhan, Date: 02/05/2026 12:05:18 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Ajay Singh Tomar ,
  • Edited By.: Namita Chauhan,
  • Date:
  • 02/05/2026 12:05:18 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: भोपाल के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पत्रकार सुरक्षा कानून सहित विभिन्न मांगों को पूरा करने का भरोसा देते हुए कहा है कि हमारी सरकार समस्याओं का समाधान करने के लिए है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: भोपाल के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पत्रकार सुरक्षा कानून सहित विभिन्न मांगों को पूरा करने का भरोसा देते हुए कहा है कि हमारी सरकार समस्याओं का समाधान करने के लिए है। वे अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर शुक्रवार को भोपाल के समन्वय भवन में मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इसके पहले संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को पत्रकार सुरक्षा कानून सहित 21 सूत्रीय मांगों का पत्र सौंपा। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री मुकेश नायक सहित पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में आए श्रमजीवी पत्रकार साथी मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद न्यू मार्केट में श्रमजीवी पत्रकार  साथियों ने अपनी मांगों को लेकर विशाल रैली निकाल कर अपनी आवाज बुलंद की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मांग पत्र उन्हीं को दिया जाता है जो मांग को पूरा करते हैं। इसलिए निश्चित रूप से पत्रकारों की मांगों पर ध्यान दिया जाएगा। समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से होता है। सरकार ने पहले भी पत्रकारों की कई मांगों को पूरा किया है। वे मुख्यमंत्री से जरूर बात करेंगे कि पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए कमेटी क्यों नहीं बनी। श्री शुक्ल ने कहा कि सत्ता आती है, जाती है हम लोग जनता की समस्या का समाधान करने वाले लोग हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के कटाक्ष पर कहा कि उन्हें पत्रकारों की मांगों को पूरा करने के लिए मदद नहीं करनी पड़ेगी, सरकार खुद यह काम करेगी। उन्होंने कहा कि जो जहां हैं वहीं रहें। वे विपक्ष का अपना काम अच्छा कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को वरदान बनाना है तो हमें पत्रकारिता को मजबूत बनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जितना अच्छा शासन, उतना अच्छा विपक्ष और पत्रकारिता।

शलभ भदौरिया और श्रमजीवी पत्रकार संघ एक दूसरे के पर्याय

श्री शुक्ल ने कहा कि शलभ भदौरिया और मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ एक दूसरे के पर्याय हैं। इतने लंबे समय तक शलभ जी द्वारा दायित्व का निर्वाह उनके कार्यों को मान्यता प्रदान करता है। श्री शुक्ल ने कहा कि इतने लंबे समय से संगठन चलकर पत्रकारिता को मजबूत करने पर वे शलभ भदौरिया का अभिनंदन करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने श्रमजीवी साथियों की विशाल संख्या को देखकर कहा कि जितने साथी हाल में हैं उससे कहीं ज्यादा बाहर मौजूद हैं। यह सब मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के भरोसे के कारण है। इसीलिए यह संघ टिका है। इतना ही नहीं पत्रकारिता क्षेत्र के प्रदेश के मजबूत स्तंभ यहां उपस्थित हैं।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि श्रमजीवी पत्रकारों ने अपनी मांगों को लेकर जो भावना व्यक्त की वह स्वाभाविक है। उनकी मांगे पूरी करना सरकार का दायित्व ही नहीं पत्रकारों का अधिकार भी है। उन्होंने श्रमजीवी पत्रकार साथियों की मांगों का समर्थन करते हुए उपमुख्यमंत्री से उन्हें पूरा करने को कहा। श्री पटवारी ने कटाक्ष कर कहा कि आप जो मांगें छोड़ देंगे वे हम पूरी कर देंगे।

 

श्री पटवारी ने कहा कि आज देशभर में हालात इतने खराब हैं कि 400 पत्रकारों पर हमले हो चुके हैं और इनमें 40 पत्रकारों की मौत हो चुकी है। समाज को सही दिशा में चलाने और सच्चाई उजागर करने पर पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं। पत्रकार एक सैनिक की भूमिका निभाता है, उसकी रक्षा करना सरकार और समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार कमियां खोज कर लाता है और इस पर विपक्ष आवाज उठाता है। यदि हमलों के डर से विपक्ष भी आवाज उठाना बंद कर दे तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। श्री पटवारी ने कहा कि किस तरह का वातावरण है कि पत्रकारों को सुरक्षा मांगनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग को पत्रकारों के रक्षक का काम करना चाहिए जबकि वह मुख्यमंत्री का मूड ठीक करने के काम का होकर रह गया है।

उपमुख्यमंत्री को सौंपा 21 सूत्रीय मांग पत्र

 इसके पहले शासन संगठन समन्वय समिति के संयोजक रिजवान अहमद सिद्दीकी ने लिफ्ट गिरने पर घायल होने के बावजूद कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के 21 सूत्रीय ज्ञापन का वाचन कर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से उन्हें पूरा करने की मांग की। ज्ञापन की प्रति प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने उपमुख्यमंत्री को सौंपी। उन्होंने मांगों को तत्परता से पूरा करने की जरूरत बताई। साथ ही  रिज़वान अहमद सिद्दीक़ी ने बताया कि प्रदेश महामंत्री सुनील त्रिपाठी , महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक अनीता चौबे , सादिया खान के स्वास्थ के बारे में जानकारी दी और बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया पूर्णतः स्वस्थ है। उन्होंने यह भी बताया कि गंभीर परिस्थितियों के बावजूद नर्मदा हॉस्पिटल के संचालक डॉ राजेश शर्मा के निर्देशन पर टीम ने कुशलता पूर्वक उन्हें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाया।