-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: गैस सिलेंडर से घर में लगी आग, नकदी और गृहस्थी का सामान जलकर हुआ राख
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के बाघनगर चौकी अंतर्गत बन्नी-पैड़ी गांव में शनिवार सुबह गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस लीक होने के कारण एक घर में आग लग गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के बाघनगर चौकी अंतर्गत बन्नी-पैड़ी गांव में शनिवार सुबह गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस लीक होने के कारण एक घर में आग लग गई। आग में आभूषण, अनाज, कपड़े, बर्तन, मोटरसाइकिल और नकदी समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। परिजनों के अनुसार, आग में 10 हजार रुपये भी जल गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर का काफी सामान जल चुका था।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर दी। सूचना मिलने पर बाघनगर चौकी प्रभारी अनिल प्रकाश पाण्डेय और हल्का लेखपाल सुभांकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान की जानकारी ली। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। आग में गृहस्थी का सामान और नकदी जलने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से सहायता मिलने की उम्मीद है।
