Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: नवजात बच्ची हुई लापता, अस्पताल पर लापरवाही व बिक्री का लगा आरोप

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , Date: 19/03/2026 05:27:00 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Chhatra Pal ,
  • Date:
  • 19/03/2026 05:27:00 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली आंवला क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बल्लिया से नवजात बच्ची के रहस्यमय तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली आंवला क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बल्लिया से नवजात बच्ची के रहस्यमय तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भमोरा थाना क्षेत्र के गांव झिंदरी की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में जन्मी उसकी बच्ची को मृत बताकर गायब कर दिया गया, जबकि शव तक नहीं सौंपा गया। अब परिजनों ने बच्ची को बेच दिए जाने की आशंका जताई है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की गई है, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रसव के बाद बेहोश हुई मां, होश आया तो ‘मौत’ की कहानी पीड़िता कमलेश के अनुसार चार महीने पहले उनका सामान्य प्रसव सीएचसी बल्लिया में हुआ था। प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव के कारण वह बेहोश हो गई थीं। जब उन्हें होश आया तो अस्पताल कर्मियों ने बताया कि बेटी हुई थी, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई। कमलेश का आरोप है कि जब उन्होंने बच्ची का शव मांगा तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया और शव भी नहीं सौंपा गया। कमलेश ने बताया कि उन्होंने बच्ची के बारे में अस्पताल स्टाफ, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से जानकारी मांगी, लेकिन सभी ने अनभिज्ञता जाहिर कर दी। प्रसव के दो दिन बाद ही उन्हें घर भेज दिया गया। उस समय उनके पति रमेश राजस्थान में मजदूरी कर रहे थे और उनके साथ गांव की कुछ महिलाएं ही थीं, जो बाद में लौट गईं। करीब तीन महीने बाद जब पति रमेश घर लौटे, तब पूरे मामले की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों ने आंवला तहसील और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार बुधवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह से शिकायत की गई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को तलब किया और एसडीएम आंवला विदुषी सिंह की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी। टीम में इंस्पेक्टर आंवला कुंवर बहादुर सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. राकेश और प्रभारी चिकित्साधिकारी आलमपुर जाफराबाद डॉ. विवेक को शामिल किया गया है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीएम विदुषी सिंह ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।