Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति की पहल, कक्षा 12 की छात्रा सृष्टि बनीं एक दिन की डीएम, समाधान दिवस में 112 शिकायतें दर्ज

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Deepak Kaushal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda Bahuguna, Date: 19/10/2026 03:26:14 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Deepak Kaushal ,
  • Edited By.: Yashoda Bahuguna,
  • Date:
  • 19/10/2026 03:26:14 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: गोण्डा जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को करनैलगंज तहसील में पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: गोण्डा जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को करनैलगंज तहसील में पिंक सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति के तहत कन्हैयालाल इंटर कॉलेज, करनैलगंज की कक्षा 12 की छात्रा सृष्टि शुक्ला को एक दिन के लिए सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया। उन्होंने भी समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

112 शिकायतें प्राप्त, 10 का मौके पर निस्तारण

समाधान दिवस में कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 102 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने के बाद किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों की टीमें गठित कर दोनों पक्षों की मौजूदगी में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

अवैध कब्जे और अतिक्रमण के मामलों में सख्ती

डीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर अवैध कब्जे, चकरोड, नाली और तालाब की भूमि से संबंधित शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने पर भी जोर दिया। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

लाभार्थियों को बांटे गए योजनाओं के स्वीकृति पत्र

समाधान दिवस के बाद विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, क्षय रोगियों को पोषण पोटली, आयुष्मान भारत योजना के कार्ड, राशन कार्ड और कृषि विभाग की बीज मिनी किट वितरित की गईं। अन्य विभागों की योजनाओं के तहत भी पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत, तहसीलदार करनैलगंज, नायब तहसीलदार अतुल पाल, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।