Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: अस्पताल के बाहर बैग चोरी का खुलासा, हिसार पुलिस ने शातिर चोर को किया गिरफ्तार

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 05/08/2026 05:34:33 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 05/08/2026 05:34:33 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हिसार जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अस्पताल के बाहर हुई बैग चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।

विस्तार

हरियाणा: हिसार जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अस्पताल के बाहर हुई बैग चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार, यह घटना 2 अगस्त 2026 की है। गांव मंगाली निवासी एक महिला अपने पिता के इलाज के लिए हिसार स्थित सपरा अस्पताल आई थीं। इसी दौरान अस्पताल के बाहर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। घटना के बाद पीड़िता ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अंजू बाला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैमरी रोड ढाणी निवासी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई राशि में से 4,800 रुपये नकद और अन्य चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।

हिसार पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन (आईपीएस) ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। चोरी, लूट और अन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और चोरी हुए सामान की बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि अस्पतालों, बाजारों, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने बैग, मोबाइल फोन, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।