-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: सनावद पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई पिकअप चोरी की गुत्थी, तीन आरोपी गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: खरगोन जिले में सनावद पुलिस ने पिकअप वाहन चोरी के मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पिकअप और वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति स्विफ्ट कार बरामद की है।
विस्तार
मध्य प्रदेश: खरगोन जिले में सनावद पुलिस ने पिकअप वाहन चोरी के मामले का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पिकअप और वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति स्विफ्ट कार बरामद की है। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, गृह निर्माण कॉलोनी सनावद निवासी ललित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई की लोडिंग बोलेरो पिकअप, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर MP41GA2531 है, रेलवे क्रॉसिंग के पास एक दुकान के सामने गली में खड़ी थी। सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो वाहन गायब मिला। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत की। शिकायत के आधार पर सनावद थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को राऊ निवासी अभिषेक उर्फ कान्हा और विनोद ठाकुर तथा महू के पत्ती बाजार निवासी रिजवान उर्फ रज्जू की संलिप्तता की जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पिकअप चोरी करने की बात स्वीकार की और वाहन छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपये की पिकअप और वारदात में इस्तेमाल की गई लगभग 14 लाख रुपये की मारुति स्विफ्ट कार जब्त की। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि पिकअप का लॉक खराब होने के कारण आरोपियों ने उसे चोरी के लिए चुना था। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के लॉक दुरुस्त रखें, वाहन खड़ा करते समय चाबी निकालना सुनिश्चित करें और वैध दस्तावेजों के बिना किसी भी वाहन की खरीद-बिक्री न करें। इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह मुकेश इजारदार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में सनावद पुलिस टीम तथा साइबर सेल के कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।
उत्तर प्रदेश: स्कूल में छात्रों की जेब से मिले आपत्तिजनक सामान, पुलिस ने परिजनों को बुलाकर दी हिदायत
