Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में DM का हुआ तुलसीपुर विकासखंड का सघन निरीक्षण, शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर दिया विशेष जोर

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Vijay Kumar , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shikha Pandey, Date: 22/09/2026 01:06:03 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Vijay Kumar ,
  • Edited By.: Shikha Pandey,
  • Date:
  • 22/09/2026 01:06:03 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बलरामपुर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को तुलसीपुर विकासखंड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं का जमीनी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के साथ सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बलरामपुर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को तुलसीपुर विकासखंड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं का जमीनी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के साथ सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजकीय हाईस्कूल हरहटा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता और आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। आवश्यकतानुसार सेवानिवृत्त योग्य शिक्षकों की सेवाएं लेने के निर्देश दिए। छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उन्हें नियमित पढ़ाई, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की लाइब्रेरी में पुस्तकों के बेहतर उपयोग पर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने जिले के सभी राजकीय इंटर कॉलेजों में लाइब्रेरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कैरियर हब का निरीक्षण कर छात्रों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अलग-अलग करियर विकल्पों के लिए बेहतर मार्गदर्शन देने पर जोर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय हरहटा का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे और सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर बच्चों से फीडबैक लिया और निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिक्षकों से बच्चों के लर्निंग आउटकम और शैक्षिक स्तर में लगातार सुधार पर ध्यान देने को कहा।

इसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर जिलाधिकारी ने ओपीडी, टीकाकरण, दवाओं की उपलब्धता और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने ओपीडी बढ़ाने और टीकाकरण की ड्यू लिस्ट नियमित रूप से अपडेट कर सभी पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अंत में ग्राम पंचायत सचिवालय हरहटा का निरीक्षण कर ऑनलाइन सेवाओं और परिवार रजिस्टर की स्थिति देखी। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी एवं ऑनलाइन सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने और सभी अभिलेखों को अपडेट रखने के निर्देश दिए।