Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: लालफाटक ओवरब्रिज पर CNG टैंकर से गैस रिसाव, मची भगदड़, समय रहते टला बड़ा हादसा

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Namita Chauhan, Date: 21/05/2026 04:04:03 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Namita Chauhan,
  • Date:
  • 21/05/2026 04:04:03 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली शहर के लालफाटक ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हिंदुस्तान पेट्रोलियम का एक सीएनजी टैंकर अचानक गैस लीक करने लगा।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली शहर के लालफाटक ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हिंदुस्तान पेट्रोलियम का एक सीएनजी टैंकर अचानक गैस लीक करने लगा। तेज आवाज और गैस रिसाव देखकर सड़क पर चल रहे लोगों में दहशत फैल गई। हालात ऐसे बन गए कि कई वाहन चालक अपनी बाइक और कारें सड़क पर छोड़कर जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। कुछ ही सेकेंड में पूरा ओवरब्रिज खाली हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। हिंदुस्तान पेट्रोलियम का सीएनजी टैंकर शाहजहांपुर की तरफ से बदायूं जा रहा था। सुबह जब टैंकर लालफाटक ओवरब्रिज पर पहुंचा तभी उसके सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। पहले हल्की आवाज आई, लेकिन कुछ ही देर में तेज प्रेशर के साथ भयानक आवाज निकलने लगी। टैंकर के आसपास चल रहे वाहन चालकों ने जैसे ही गैस लीक होते देखी तो वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक टैंकर से निकल रही आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी आवाज सुनकर दहशत में बाहर निकल आए। लोगों को पहले किसी बड़े धमाके की आशंका हुई। जब पता चला कि सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव हो रहा है तो लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। ओवरब्रिज और आसपास कुछ देर के लिए पूरी तरह सन्नाटा छा गया।

पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर आसपास का ट्रैफिक रोका गया और लोगों को दूर किया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि काफी मात्रा में गैस रिसाव होने से नुकसान की बात कही जा रही है।