Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: नवोदय विद्यालय के औचक निरीक्षण में मिलीं खामियां, डीएम नाराज

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 26/08/2026 10:50:07 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 26/08/2026 10:50:07 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जवाहर नवोदय विद्यालय, हरिहरपुर का औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन, भोजन, साफ-सफाई सहित विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जवाहर नवोदय विद्यालय, हरिहरपुर का औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन, भोजन, साफ-सफाई सहित विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय की मेस का निरीक्षण करते हुए वहां इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान कुछ खाद्य सामग्री की पैकेजिंग पर ISI मार्क न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और खाद्य सुरक्षा विभाग को संबंधित खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान खराब मिली सेनेटरी पैड मशीन को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही दिव्यांग बच्चों के लिए बने शौचालय को भी दुरुस्त कराने तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालयों के स्पष्ट और व्यवस्थित उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की कमी मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई कर्मियों की टीम गठित कर पूरे परिसर की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। प्रयोगशाला में भी साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने को कहा गया।

विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्यालय की लाइब्रेरी को अधिक व्यवस्थित और उपयोगी बनाने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पठन-पाठन और विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने बच्चों की कॉपियां और पाठ्य पुस्तकें देखकर शिक्षा की गुणवत्ता का भी आकलन किया। निरीक्षण के दौरान ओएसडी राकेश कुमार, कृष्णा गुप्ता सहित विद्यालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छात्र-छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।