-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: गौतमबुद्धनगर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन, 17 कंपनियों ने लिया हिस्सा; 486 युवतियों में से 263 को मिला नियुक्ति-पत्र
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गौतमबुद्धनगर में महिला सशक्तिकरण और युवतियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला सेवायोजन विभाग, गौतमबुद्धनगर की ओर से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गौतमबुद्धनगर में महिला सशक्तिकरण और युवतियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला सेवायोजन विभाग, गौतमबुद्धनगर की ओर से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रोजगार मेले का उद्देश्य शिक्षित छात्राओं और युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और प्रतिभा के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 17 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से कुल 486 छात्राओं एवं युवतियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 263 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। कार्यक्रम के दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिलाधिकारी मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, प्रधानाचार्या दीपिका दुबे और अन्य अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय और युवा शक्ति फाउंडेशन के बीच रोजगार संवर्धन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे रोजगार मेले युवतियों को सीधे रोजगार देने वाली कंपनियों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने छात्राओं और युवतियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके भीतर अपार क्षमता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिंक रोजगार मेला युवतियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखे जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवतियों को रोजगार के अवसर मिल सकें। जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में पिंक रोजगार मेले के जरिए युवतियों को विभिन्न कंपनियों के साथ सीधे संवाद और चयन का अवसर मिला। कार्यक्रम में रोजगार मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधि, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्राएं एवं युवतियां मौजूद रहीं।
