Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बरेली में भाखड़ा नदी में कूदा युवक तीसरे दिन भी लापता, तेज बारिश से सर्च अभियान रुका

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Raju(UP) , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 07/09/2026 03:07:00 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Raju(UP) ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 07/09/2026 03:07:00 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: मीरगंज थाना क्षेत्र में भाखड़ा नदी में छलांग लगाने वाले 46 वर्षीय सुबोध कुमार सिंह का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। 

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मीरगंज थाना क्षेत्र में भाखड़ा नदी में छलांग लगाने वाले 46 वर्षीय सुबोध कुमार सिंह का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के चलते रविवार को पुलिस और पीएसी की नाव नदी में नहीं उतारी जा सकी। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी किनारे और आसपास के इलाकों में दिनभर तलाश जारी रखी। सुबोध कुमार सिंह गांव दिवना के रहने वाले हैं और एक हाथ से दिव्यांग बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को वह पड़ोसी गांव में एक बुजुर्ग के यहां गए थे। वहां से वह भाखड़ा नदी के किनारे पहुंचे, जहां प्रत्यक्षदर्शियों के सामने उन्होंने नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। नदी में पानी अधिक होने और तेज बहाव के कारण पहले दिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार को पुलिस ने पीएसी जवानों के साथ नाव से सघन सर्च अभियान चलाया। टीम ने नदी में काफी दूर तक तलाश की और नदी किनारे संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की, लेकिन सुबोध का कोई पता नहीं चला।

बारिश के कारण रविवार को नाव नहीं उतारी गई

रविवार सुबह से लगातार बारिश होने के कारण नदी का बहाव और तेज हो गया। सुरक्षा को देखते हुए पीएसी की नाव नदी में नहीं उतारी जा सकी। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी के किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाश जारी रखी। तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया।

मां और भतीजे के साथ रहते थे सुबोध

परिजनों के अनुसार, सुबोध की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं है। वह करीब 70 वर्षीय मां बताशे देवी और 17 वर्षीय भतीजे लकी के साथ रहते थे। मीरगंज सीओ अजय कुमार ने बताया कि पुलिस लगातार सुबोध की तलाश में जुटी हुई है। मौसम और नदी की स्थिति सामान्य होने के बाद दोबारा नाव के जरिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और ग्रामीण नदी के आसपास लगातार निगरानी और तलाश कर रहे हैं।