-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: झाबुआ कलेक्टर कार्यालय में स्वच्छता का महाअभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया सफाई का संकल्प
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में आज कलेक्टर कार्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यालय परिसर, उद्यान क्षेत्र, कार्यालय कक्षों, गलियारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर वि
विस्तार
मध्य प्रदेश: कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में आज कलेक्टर कार्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यालय परिसर, उद्यान क्षेत्र, कार्यालय कक्षों, गलियारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष साफ-सफाई की गई। स्वच्छता अभियान के दौरान परिसर में फैले अनुपयोगी एवं अव्यवस्थित सामान को हटाया गया तथा कार्यालयों में रखे दस्तावेजों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित किया गया। परिसर स्थित गार्डन एवं हरित क्षेत्र में भी विशेष सफाई कर खरपतवार हटाए गए तथा स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने के प्रयास किए गए। कार्यालय भवन के आसपास जलभराव एवं गंदगी की स्थिति न बने, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अभियान में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी सहभागिता निभाई तथा स्वच्छ कार्यस्थल के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने शपथ दिलाते हुए कहा कि सभी स्वयं गंदगी नहीं करेंगे और न ही किसी अन्य को गंदगी फैलाने देंगे। साथ ही अपने परिवारजनों एवं परिचितों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यालय वातावरण से कार्य करने में सहजता आती है, कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आमजन को भी बेहतर वातावरण प्राप्त होता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर कार्यालय परिसरों को साफ-सुथरा रखा जाए। पुराने एवं अनुपयोगी दस्तावेजों का नियमानुसार निराकरण किया जाए तथा रिकॉर्ड का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कार्यालयों में रखे टूटे एवं अनुपयोगी फर्नीचर की मरम्मत अथवा निस्तारण की कार्रवाई कर कार्यस्थल को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जाए। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक है। साफ-सफाई से बीमारियों की संभावना कम होती है तथा कर्मचारियों एवं आगंतुकों को बेहतर वातावरण मिलता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को नियमित आदत के रूप में अपनाने का आह्वान किया। स्वच्छता अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने कार्यालय परिसर, उद्यान एवं कार्यस्थलों को निरंतर स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेंद्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर श्री महेश बडोले, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रितिका पाटीदार एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजस्थान: सेवा कार्यों के साथ मनाया बजरंग दल जिला सहसंयोजक का जन्मदिन, कई स्थानों पर हुए आयोजन
मध्य प्रदेश: बंटी शर्मा ‘पुजारी’ बने जिला कांग्रेस सचिव, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
मध्य प्रदेश: भिंड में संजीव कांकर का भव्य स्वागत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार अभिनंदन
उत्तर प्रदेश: इट भट्ठा संचालक पर मजदूर के गंभीर आरोप, बकाया वेतन न देने का मामला पहुंचा कोर्ट
उत्तर प्रदेश: बरेली में ट्रैफिक चालान के बाद बवाल, वर्दी उतरवाने की धमकी देने पर तीन के खिलाफ FIR
उत्तर प्रदेश: बरेली में नकली ब्रांडेड तेल का बड़ा खुलासा, 2052 लीटर संदिग्ध तेल सीज
