Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: नवागत कलेक्टर ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए गए दिशा-निर्देश

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Riyaz Mohammad Khan , मध्य प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 14/04/2026 03:45:24 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Riyaz Mohammad Khan ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 14/04/2026 03:45:24 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: थांदला से नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आज जिला झाबुआ अस्पताल का सघन एवं विस्तृत निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।

विस्तार

मध्य प्रदेश: थांदला से नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आज जिला झाबुआ अस्पताल का सघन एवं विस्तृत निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न इकाइयों एवं वार्डों का क्रमवार अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर ने सर्वप्रथम ओपीडी पर्ची काउंटर का निरीक्षण कर मरीजों के पंजीयन की प्रक्रिया को देखा एवं कतार प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। इसके पश्चात उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध त्वरित उपचार व्यवस्था, स्टाफ की उपलब्धता एवं आवश्यक उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया तथा 24×7 प्रभावी सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रसूति वार्ड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए स्वच्छता, गोपनीयता एवं आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। ब्लड बैंक में उन्होंने रक्त की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) का निरीक्षण करते हुए कुपोषित बच्चों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा पोषण आहार, उपचार एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सिकल सेल वार्ड में उन्होंने मरीजों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं नियमित जांच व्यवस्था की समीक्षा कर विशेष संवेदनशीलता के साथ सेवाएं प्रदान करने को कहा।

बुजुर्ग वार्ड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वरिष्ठ नागरिकों को समुचित एवं सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड कार्यालय में उन्होंने हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर एवं सरलता से उपलब्ध कराने हेतु प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने को कहा। साथ ही पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं समन्वय व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की समुचित एवं चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिलना चाहिए।

इस अवसर पर कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिला अस्पताल को प्रदेश में उच्च कोटि के स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी समन्वय, प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी झाबुआ डॉ. बी.एस. बघेल, तहसीलदार झाबुआ श्री सुनील डावर एवं हॉस्पिटल का स्टाफ उपस्थित रहे।