-
☰
No image found.
राजस्थान: बारिश में जानलेवा बनी दरगाह सम्पर्क सड़क, जर्जर मार्ग से श्रद्धालु और जायरीन परेशान
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: अजमेर में सावन के पावन माह में एक ओर जहां अंदरकोट स्थित प्राचीन झरनेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर दरगाह सम्पर्क सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।
विस्तार
राजस्थान: अजमेर में सावन के पावन माह में एक ओर जहां अंदरकोट स्थित प्राचीन झरनेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर दरगाह सम्पर्क सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी यह सड़क बारिश के मौसम में और अधिक खतरनाक हो गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह सड़क ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह शरीफ तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों में से एक है। बड़ी संख्या में देश-विदेश से आने वाले जायरीन भी अपने निजी वाहनों से इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। इसके अलावा सावन में झरनेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई डामर, किनारों पर मलबा और बारिश के कारण फिसलन जैसी स्थिति बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बारिश के दौरान पत्थर गिरने और सड़क धंसने का भी खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क को लेकर कई बार शासन और प्रशासन को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सड़क अब केवल नाम की प्रमुख सड़क रह गई है। बरसात के मौसम में वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं और जायरीन की सुरक्षा को देखते हुए इस सड़क का शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
