-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: आषाढ़ के पहले सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब, दुलारो माता व शीतला धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन'
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: जनपद मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयपुर में आषाढ़ मास के पहले सोमवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विंध्याचल क्षेत्र के प्रसिद्ध दुलारो माता मंदिर एवं विजयपुर स्थित शीतला माता मंदिर में सुबह से
विस्तार
उत्तर प्रदेश: जनपद मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयपुर में आषाढ़ मास के पहले सोमवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विंध्याचल क्षेत्र के प्रसिद्ध दुलारो माता मंदिर एवं विजयपुर स्थित शीतला माता मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज़ से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर सुख, समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मेले में भी भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी भरपूर आनंद लिया। दुकानों पर आम, अनरसा, जलेबी, मिठाइयों, खिलौनों तथा पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। अच्छी बिक्री से व्यापारियों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे पूरे श्रद्धाभाव के साथ दर्शन-पूजन में शामिल हुए। विशेष रूप से बड़ी संख्या में नवविवाहित महिलाओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर अखंड सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन और परिवार की मंगलकामना की। पूरे क्षेत्र में "जय माता दी" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
दोपहर में हुई रिमझिम बरसात से कुछ देर के लिए व्यवस्थाएं प्रभावित जरूर हुईं, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति शीघ्र ही सामान्य कर दी गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु आवागमन के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, जिससे भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र थाना प्रभारी विंध्याचल अजीत सिंह, गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल पूरे मेले में मुस्तैदी से तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ पर नजर बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की सहायता करते दिखाई दिए। उनकी सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली के कारण श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन किए। आस्था, उत्साह, भक्ति और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ आषाढ़ मास का पहला सोमवार विजयपुर क्षेत्र के लिए यादगार बन गया। मां के दरबार में उमड़ी श्रद्धा की यह विशाल भीड़ धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रशासन की प्रभावी व्यवस्था का भी सुंदर उदाहरण बनी।
