Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: दो मकानों में हुई बड़ी चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ajay Singh Tomar , मध्य प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 14/05/2026 06:30:10 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Ajay Singh Tomar ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 14/05/2026 06:30:10 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: पोरसा मुरैना जिले के पोरसा शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

विस्तार

मध्य प्रदेश: पोरसा मुरैना जिले के पोरसा शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। भिंड रोड स्थित संगम नगर में देर रात अज्ञात बदमाशों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और हजारों रुपए की नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है, वहीं लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 2 बजे के बाद की है। सबसे पहले चोरों ने अमर सिंह कुशवाह के मकान में सेंध लगाई। बदमाश गेट और ताले तोड़कर घर के अंदर घुसे। इसी दौरान आहट सुनकर गृहस्वामी की नींद खुल गई, जिन्होंने साहस दिखाते हुए चोरों का पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस दौरान चोर करीब 5 हजार रुपए नकद लेकर भाग निकले।

इसके बाद बदमाशों ने पास ही रहने वाले शासकीय शिक्षक हरबेंद्र सिंह तोमर के मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 72 हजार रुपए नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए जेवरातों में सोने की चार चूड़ियां, छह अंगूठियां, बृजबाला, बाला, तोड़िया, बच्चों की बालियां सहित ठाकुर जी महाराज की बाली और अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे मिले, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।