-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: नहर चुनाव में पारदर्शिता पर उठे सवाल, बसपा ने चुनाव रद्द कर दोबारा कराने की मांग की
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में नर्मदा जल वितरण व्यवस्था के तहत जल उपभोक्ता संस्थाओं के समिति गठन के लिए अगस्त में कराए गए चुनावों को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने सवाल उठाए हैं।
विस्तार
मध्य प्रदेश: जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में नर्मदा जल वितरण व्यवस्था के तहत जल उपभोक्ता संस्थाओं के समिति गठन के लिए अगस्त में कराए गए चुनावों को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने सवाल उठाए हैं। बसपा ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया की जानकारी जल उपभोक्ताओं और ग्रामीणों तक उचित तरीके से नहीं पहुंचाई गई, जिसके चलते चुनाव में पारदर्शिता का अभाव रहा। जानकारी के अनुसार गांधीगंज कार्यालय से संबंधित लमकना माइनर क्रमांक-4, सिहोरा अंतर्गत जल उपभोक्ता संस्थाओं में समिति गठन के लिए अगस्त माह में सदस्यों का चुनाव कराया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन चुनावों की जानकारी कई मतदाताओं को नहीं हुई। आम बोलचाल में ‘नहर चुनाव’ के नाम से होने वाली इस प्रक्रिया के संबंध में अधिसूचना प्रकाशन सहित अन्य जरूरी जानकारी ग्राम पंचायतों और जल उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचने का भी आरोप लगाया गया है। सिहोरा निवासी मनोज पटेल और पवन पटेल ने इस मामले की जानकारी बसपा जबलपुर जिला अध्यक्ष एडवोकेट लखन अहिरवार को देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराने की मांग की थी। इसके बाद बसपा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला महासचिव दिनेश कुशवाहा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल को जिला निर्वाचन कार्यालय जबलपुर भेजा। प्रतिनिधिमंडल ने जल उपभोक्ताओं के साथ लिखित शिकायत सौंपकर अगस्त में हुए चुनावों को रद्द करने और दोबारा पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने की मांग की। साथ ही हर वर्ष चुनाव प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जल उपभोक्ता किसानों को समय रहते इसकी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। बसपा ने 9 सितंबर को प्रस्तावित अध्यक्ष के चुनाव पर भी रोक लगाने के निर्देश जारी करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन अधिकारियों की लापरवाही और क्षेत्रीय नेताओं से कथित मिलीभगत का आरोप लगाया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। बसपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि वर्तमान चुनाव रद्द कर पुनः चुनाव नहीं कराए गए तो पार्टी कार्यकर्ता जल उपभोक्ताओं और किसानों के साथ 9 सितंबर को होने वाले अध्यक्ष के चुनाव स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। जबलपुर जिला कलेक्टर कार्यालय में शिकायत देने वालों में बसपा जिला महासचिव दिनेश कुशवाहा, सुरजीत, मयंक चौधरी, पवन पटेल, राजा पटेल और ओम प्रकाश पटेल सहित अन्य लोग शामिल रहे। वहीं सिहोरा के अनुविभागीय कार्यालय में बसपा के मनोज पटेल, मुकेश सूर्यवंशी, सचिन बंशकार सहित दर्जनों किसानों ने भी चुनाव रद्द करने की मांग रखी।
