-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: ₹692 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, सीएम योगी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात दी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। मोहम्मदाबाद तहसील स्थित नवीन मंडी स्थल पर आयोजित विशाल जनसभा में उन्होंने करीब 692 करोड़ रुपये की लागत से 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से गाजीपुर, जखनियां, मोहम्मदाबाद, सैदपुर, जमानियां, जहूराबाद और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत एक छात्र को लैपटॉप, कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी को आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री कैशलेस योजना, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। उन्होंने इसे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सकारात्मक परिणाम बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर को वीरों और राष्ट्रभक्तों की धरती बताते हुए वीर अब्दुल हमीद, पौहारी बाबा, भगवान परशुराम, महर्षि जमदग्नि तथा अन्य महान विभूतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर आध्यात्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है तथा यहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बेहतर सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर-वाराणसी हाईवे और अन्य परियोजनाओं ने पूर्वी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि सरकार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को आगे वाराणसी, चंदौली और शक्तिनगर तक जोड़ने की दिशा में भी कार्य कर रही है। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं तथा किसानों को सम्मान निधि, ऋणमाफी और अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने जनता से विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गाजीपुर के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।
