-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: अनियमित बारिश पर सीएम योगी सख्त, बाढ़ और सूखे से निपटने के लिए दिए कड़े निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अनियमित वर्षा से उत्पन्न दोहरी चुनौती—एक ओर कम वर्षा वाले क्षेत्रों में सूखे की आशंका और दूसरी ओर अतिवृष्टि से संभावित बाढ़—को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अनियमित वर्षा से उत्पन्न दोहरी चुनौती—एक ओर कम वर्षा वाले क्षेत्रों में सूखे की आशंका और दूसरी ओर अतिवृष्टि से संभावित बाढ़—को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ हो या सूखा, प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा, किसानों की फसल और आमजन की आजीविका की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद अपनी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप राहत एवं बचाव की रणनीति तैयार करे। जिन जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है, वहां नहरों, जलाशयों, राजकीय नलकूपों एवं अन्य उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कर किसानों को राहत दी जाए। सीएम योगी ने राहत आयुक्त कार्यालय का कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रखने तथा प्रत्येक घंटे की अद्यतन जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस मुख्यालय एवं संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य स्तरीय डैशबोर्ड पर सभी जनपदों की स्थिति नियमित रूप से अपडेट करने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील जिलों में अगले तीन दिनों के भीतर सभी राहत शिविर पूरी तरह तैयार कर लिए जाएं। शिविरों में ताजा एवं पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बच्चों के लिए दूध तथा महिलाओं, गर्भवती महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों की विशेष आवश्यकताओं का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग करने तथा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, पुलिस, राजस्व, सिंचाई, स्वास्थ्य, पशुपालन और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा तटबंधों की 24 घंटे निगरानी और नियमित पेट्रोलिंग, पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, समयबद्ध टीकाकरण, नदियों के चैनलाइजेशन कार्य में तेजी, अग्निकांड से प्रभावित गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ तथा नगर क्षेत्रों में खुले मैनहोल तत्काल ढकने के भी निर्देश जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत, प्रभावी बचाव और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में कोई कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उत्तर प्रदेश: किसानों को मिली निःशुल्क मिनी किट, विधायक रत्नाकर मिश्र ने वितरित किए बीज
उत्तर प्रदेश: आवास से वंचित पात्रों ने डीएम से लगाई गुहार, निष्पक्ष जांच की मांग
बिहार: 12 ज्योतिर्लिंगों की पदयात्रा पर निकले अनुपम कुमार, देवघर से काशी विश्वनाथ की ओर बढ़े कदम
उत्तर प्रदेश: हरि मंदिर में गूंजा सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ, भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
उत्तर प्रदेश: चार दिन बाद बदला जला ट्रांसफार्मर, सरौली मार्केट में बहाल हुई बिजली
