Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बस्ती में नहरों के रिसाव और अवैध कट पर सख्ती, तत्काल बंद कराने के निर्देश

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 10/09/2026 11:02:04 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 10/09/2026 11:02:04 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बस्ती में विकास भवन सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष गजेंद्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बस्ती में विकास भवन सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष गजेंद्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले की नहरों में जल उफान, सिंचाई व्यवस्था, नलकूपों के संचालन, किसानों को बीज और कृषि यंत्र उपलब्ध कराने समेत विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष गजेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि बारिश के चलते जिले की नहरों में जल उफान की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में नहरों में होने वाले रिसाव और अवैध कट को तत्काल बंद कराया जाए, जिससे सिंचाई के पानी का अनावश्यक बहाव न हो और किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके।

उन्होंने सरयू नहर खंड-4 के अधिशासी अभियंता एवं नोडल दिनेश मोहन को निर्देश दिए कि सभी संबंधित खंडों के अभियंता अपनी-अपनी नहरों की लगातार निगरानी करें। साथ ही किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिशासी अभियंता एवं नोडल दिनेश मोहन ने बताया कि सरयू नहर खंड-4 के तहत संतकबीरनगर में 1050 क्यूसेक और बस्ती में 430 क्यूसेक पानी पहुंचाया गया है। जिले में कुल 93 टेल पर पानी पूरी तरह उपलब्ध कराया गया है।

माइनरों में पानी नहीं पहुंचने का मामला उठा

बैठक में रुधौली विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मौर्य ने सूरतगढ़ और शुमाली माइनर में पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाया। इस पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि सहायक अभियंता के निर्देशन में गठित टीम 10 सितंबर को दोनों माइनरों का निरीक्षण करेगी और समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा।

659 नलकूप संचालित, 9 बंद

कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाबचंद सोनकर ने अधिशासी अभियंता नलकूप के बैठक में स्वयं उपस्थित नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की परियोजनाओं पर हुए व्यय की जानकारी और सूची उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में मौजूद सहायक अभियंता नलकूप ने बताया कि जिले में कुल 668 नलकूप हैं। इनमें पांच नलकूप यांत्रिक दोष और चार विद्युत दोष के कारण बंद हैं, जबकि 659 नलकूप वर्तमान में संचालित हैं। बंद नलकूपों को जल्द चालू कराने की कार्रवाई की जा रही है।

30 सितंबर तक बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग

उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि किसानों को तोरिया, चना, गेहूं और मटर के बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। किसान 30 सितंबर तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। लक्ष्य के अनुसार पात्र किसानों को अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य ने बताया कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके अलावा 10 हजार रुपये तक की कीमत वाले कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत तक सरकारी अनुदान दिया जा रहा है। बैठक का संचालन सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-4 विजय कुमार आर्य ने किया। इस दौरान सदर विधायक प्रतिनिधि मो. सलीम, परियोजना निदेशक आनंद कुमार गुप्ता, वन विभाग के रेंजर शकील अहमद सहित विद्युत विभाग, भूगर्भ जल, गन्ना विभाग और बाढ़ खंड के अधिकारी मौजूद रहे।

Related News

मध्य प्रदेश: दतिया जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल, निरीक्षण के बावजूद मरीजों को नहीं मिल रही बुनियादी सुविधाएं

उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर की सृष्टि ने हिंदी नेट में 99.6 पर्सेंटाइल के साथ पहले प्रयास में जेआरएफ किया क्वालीफाई

उत्तर प्रदेश: गोंडा के छावनी क्षेत्र में विकास के दावों पर सवाल, दो गांवों में सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान

राजस्थान: शाहपुरा नगर पालिका चुनाव में चौखट-चौखट दस्तक, निर्दलीयों ने बिगाड़े भाजपा-कांग्रेस के समीकरण

गुजरात: आहवा में 23 सितंबर से होगा जिला स्तरीय नेशनल साइंस ड्रामा फेस्टिवल, 16 तक भेज सकेंगे प्रविष्टियां

मध्य प्रदेश: उज्जैन में ई-रिक्शा संघ ने कार्रवाई में देरी पर उठाए सवाल, आरटीओ के निर्देश के बावजूद कदम न उठाने का आरोप


Featured News