-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: 10 से 12 नवंबर तक होगा लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन, छह नवंबर से सक्रिय होगा कंट्रोल रूम
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन 10, 11 और 12 नवंबर को प्रस्तावित है। वहीं, त्योहारों से जुड़ी सूचनाओं औ
विस्तार
उत्तर प्रदेश: दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन 10, 11 और 12 नवंबर को प्रस्तावित है। वहीं, त्योहारों से जुड़ी सूचनाओं और शिकायतों के लिए छह नवंबर से कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम शुरू किया जाएगा। इसका दूरभाष नंबर 05542-247128 जारी किया गया है। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, बिजली, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं और विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और गोताखोरों की रहेगी व्यवस्था डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय रहते जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम करने को कहा। जलाशयों और नदियों में विसर्जन के दौरान गोताखोरों, नाव और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छठ पूजा के घाटों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी कराने को कहा। पटाखा दुकानों पर अग्निशमन यंत्र और बालू-पानी अनिवार्य दीपावली के दौरान आग की घटनाओं से बचाव के लिए जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखा बिक्री की प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र उपलब्ध होना चाहिए। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी की व्यवस्था भी रखी जाए। दुकानों के आसपास निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। अस्पतालों में डॉक्टर और एंबुलेंस रहेंगी सक्रिय जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान सभी सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र क्रियाशील रहें। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रखने के साथ एंबुलेंस व्यवस्था भी सक्रिय रखी जाए, जिससे जरूरत पड़ने पर घायलों और बीमार लोगों को तत्काल उपचार मिल सके। छह नवंबर से शिफ्टवार चलेगा कंट्रोल रूम त्योहारों के दौरान सूचना और शिकायतों के त्वरित संज्ञान के लिए कलेक्ट्रेट स्थित प्रशासनिक कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह छह नवंबर से क्रियाशील होगा। इसके लिए 05542-247128 नंबर जारी किया गया है। कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। तैनात कर्मचारी दीपावली और लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन से संबंधित सूचना या शिकायत प्राप्त होने पर उसके निस्तारण के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे। संवेदनशील इलाकों में रहेगी पुलिस की विशेष निगरानी पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। शांति व्यवस्था में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों पर नजर रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थलों और निर्धारित मार्गों का पहले से निरीक्षण कर सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरा कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, डीएफओ डॉ. शिरीन, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, विद्युत विभाग के एसई मोहम्मद खालिद, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव और अहमद फरीद खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
उत्तर प्रदेश: 400 मीटर सड़क पर गड्ढों का जाल, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में खाद की दुकानों पर छापेमारी, पांच विक्रेताओं को नोटिस
उत्तर प्रदेश: दिवंगत पत्रकार शोभित पांडेय के परिवार को एसपी ने दी 5.51 लाख रुपये की सहायता
मध्य प्रदेश: तेज हाई बीम लाइटें बन रहीं सड़क हादसों का खतरा, परिवहन विभाग की निष्क्रियता पर उठे सवाल
