Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: सीएमओ कार्यालय के औचक निरीक्षण में कई चिकित्सक-कर्मचारी मिले अनुपस्थित, डीएम ने मांगा जवाब

- Photo by : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश:  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश:  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 01/10/2026 06:15:30 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश:
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 01/10/2026 06:15:30 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी अनुज मलिक ने संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में कई चिकित्सकों और कर्मचारियों के समय से उपस्थित नहीं मिलने पर डीएम ने सभी

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी अनुज मलिक ने संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में कई चिकित्सकों और कर्मचारियों के समय से उपस्थित नहीं मिलने पर डीएम ने सभी संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और चिकित्सकों व चिकित्सकीय कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया से जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। इस दौरान कई चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

 अभिलेखों के रखरखाव पर भी दिए निर्देश  डीएम ने कार्यालय में रखी पत्रावलियों और अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित पटल सहायकों को पत्रावलियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संरक्षित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके। अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी  निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के अंदर और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन, संबंधित एजेंसी और सफाई कर्मियों को नियमित रूप से बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार छिड़काव कराने के कड़े निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है।  अस्पताल से ही मिलें सरकारी दवाएं  जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सभी आवश्यक दवाएं मरीजों को अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए लिखे जाने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

 बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य  जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि चिकित्सकीय कार्मिक ड्यूटी शुरू होने और समाप्त होने के समय निर्धारित रूप से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करें। डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारी समय से अस्पताल पहुंचकर अपनी ड्यूटी करें। ड्यूटी में लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मरीजों से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश  जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ अच्छा व्यवहार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से इलाज के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम जनमानस को सुगमता से मिले, इसके लिए चिकित्सालय प्रशासन को लगातार निगरानी और सुधार की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया सहित चिकित्सक, चिकित्सालय के कर्मचारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।