-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में डीएम कार्यालय पहुंचे शिवसैनिक, गंगा मेले से पहले मांगें पूरी करने की उठाई मांग
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर रामगंगा नदी में औद्योगिक इकाइयों का गंदा पानी और नालों का दूषित पानी बहाए जाने के विरोध में शिवसेना ने जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए ज्ञापन सौंपा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर रामगंगा नदी में औद्योगिक इकाइयों का गंदा पानी और नालों का दूषित पानी बहाए जाने के विरोध में शिवसेना ने जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए ज्ञापन सौंपा। जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी और कार्यकर्ता जैन मंदिर से नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान शिवसैनिकों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगें रखीं। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि गंगा हिंदू समाज की आस्था और जीवन का आधार है। हिंदू धर्म में व्यक्ति के जीवन से लेकर अंतिम संस्कार तक गंगा का विशेष महत्व है। इसके बावजूद औद्योगिक इकाइयों और नालों का गंदा पानी नदियों में छोड़ा जा रहा है, जिससे जल प्रदूषण बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन की अनदेखी और भ्रष्टाचार के कारण गंगा की पवित्रता पर संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषण मुक्त रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। शिवसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है। संगठन ने मांग की है कि गंगा और रामगंगा में दूषित पानी गिराने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और नालों के गंदे पानी को नदियों में जाने से रोका जाए। वीरेंद्र अरोड़ा ने चेतावनी दी कि गंगा मेले से पहले शिवसेना की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसैनिक गंगा की पवित्रता और संरक्षण के लिए आमरण अनशन शुरू करेंगे। इस मौके पर कमल सिंह राव, शिबू पांडे, आकाश सिंह, सरदार इंद्रजीत सिंह, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, विक्की कश्यप, तिलक राज शर्मा, सुरेश सैनी, अशोक सैनी, तेजपाल सैनी, जीतू प्रजापति, बादाम सिंह, पंकज पाल, अंकुर टंडन, रतन भाटिया सहित बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता मौजूद रहे।
