-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बस्ती में रबी फसलों के बीज पर मिलेगा अनुदान, मसूर की नई प्रजाति पर 100% की मिली छूट
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: रबी सीजन 2026-27 में किसानों को राहत देने के लिए कृषि विभाग की ओर से गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, तोरिया और राई-सरसों के बीज पर अनुदान की व्यवस्था की गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रबी सीजन 2026-27 में किसानों को राहत देने के लिए कृषि विभाग की ओर से गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, तोरिया और राई-सरसों के बीज पर अनुदान की व्यवस्था की गई है। उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने किसानों से समय रहते बीज की बुकिंग कराने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है। कृषि विभाग के अनुसार, बीज पर मिलने वाला अनुदान फसल और उसकी प्रजाति के आधार पर अलग-अलग निर्धारित किया गया है। गेहूं की 10 वर्ष से कम पुरानी प्रजातियों पर प्रति क्विंटल 2,600 रुपये और 10 वर्ष से अधिक पुरानी प्रजातियों पर 1,300 रुपये अनुदान निर्धारित है। वहीं, जौ की नई प्रजातियों पर 3,000 रुपये और पुरानी प्रजातियों पर 1,500 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता दी जाएगी। चना और मटर के बीज पर भी किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। चने की अलग-अलग प्रजातियों पर 4,000 से 6,000 रुपये तक अनुदान निर्धारित किया गया है। मटर के बीज पर भी प्रजाति के अनुसार सहायता दी जाएगी, जिससे किसानों को बीज खरीदने में राहत मिल सके। इस योजना में मसूर की नई प्रजाति पर 100 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान बताया गया है। इसके अलावा मसूर की दूसरी प्रजाति पर 9,000 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान निर्धारित है। तिलहनी फसलों में तोरिया और राई-सरसों के बीज पर भी 5,500 रुपये प्रति क्विंटल की सहायता दी जाएगी। इससे इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को बीज की लागत कम करने में मदद मिलेगी। उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने बताया कि किसान कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से बीज की बुकिंग करा सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग में परेशानी होने पर किसान अपने विकासखंड के राजकीय बीज भंडार पर जाकर भी बुकिंग करा सकते हैं। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड और खतौनी साथ ले जाने की सलाह दी गई है। किसानों को बुकिंग से पहले संबंधित फसल की प्रजाति, बीज की उपलब्धता, कीमत और लागू अनुदान की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है, ताकि रबी सीजन की बुवाई के लिए समय पर बीज मिल सके।
उत्तर प्रदेश: स्वतंत्र पत्रकार बंशराज यादव की माता दुलारी यादव की श्रद्धांजलि सभा में उमड़े लोग'
उत्तर प्रदेश: ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में दो महिलाओं की अग्रिम जमानत यचिकाएं खारिज
उत्तर प्रदेश: एएसपी मानसी दहिया ने किया उद्घाटन, जन कल्याण सेवा समिति और रायल वाइल्ड्स बस्ती की पहल
उत्तर प्रदेश: समाधान दिवस पर एसपी ने खलीलाबाद कोतवाली में सुनीं फरियादियों की समस्याएं
