-
☰
उत्तर प्रदेश: बाराबंकी में सिलेंडर किल्लत के बीच चोरी: स्कूल का ताला तोड़कर ले गया गैस सिलेंडर, खेत से बरामद
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बाराबंकी जिले में जारी एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत अब अपराध की नई वजह बनती जा रही है। जहां एक ओर जिले की जनता लकड़ी, उपले और कोयले के धुएं में गुजर-बसर करने को मजबूर है,
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बाराबंकी जिले में जारी एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत अब अपराध की नई वजह बनती जा रही है। जहां एक ओर जिले की जनता लकड़ी, उपले और कोयले के धुएं में गुजर-बसर करने को मजबूर है, वहीं दूसरी ओर सिलेंडर की कमी ने अपराधियों को सरकारी संपत्तियों की ओर मोड़ दिया है। ताज़ा मामला जिले के दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है जहां गैस की किल्लत के बीच चोरों ने बच्चों के निवाले पर ही डाका डाल दिया। प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने मिड-डे मील का सिलेंडर पार कर दिया और उसे सरसों के लहलहाते खेतों में छुपाकर भागने का प्रयास किया। घटना सोमवार सुबह की है जब सराय शाहआलम ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि फुरकान अहमद सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें सरसों के खेत में एक युवक संदिग्ध अवस्था में सिलेंडर को छुपाते हुए भागता दिखा। शक होने पर जब उन्होंने पीछा किया और पास स्थित प्राथमिक विद्यालय का जायजा लिया गया तो वहां किचन का ताला टूटा मिला। प्रधान प्रतिनिधि ने मौके से गयास नामक युवक को दबोच लिया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पकड़े गए आरोपी गयास ने कड़ाई से हुई पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अपने साथी लवकुश के साथ मिलकर चोरी करने आया था। उसका साथी लवकुश सिलेंडर लेकर भागने में सफल रहा था, लेकिन घेराबंदी होने पर उसने सिलेंडर को सरसों के खेत में ही छुपा दिया था। पुलिस ने अभियुक्त से सिलेंडर बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि जिले में सिलेंडर न मिलने के कारण अब लोग इस कदर मजबूर और बेखौफ हो गए हैं कि वे सरकारी स्कूलों को निशाना बनाने से भी नहीं चूक रहे हैं। दरियाबाद कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी गयास को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। चोरी में शामिल उसके दूसरे साथी लवकुश की तलाश में पुलिस जुटी हैं।