Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: यशवंत हत्याकांड में तीन महिला अभियुक्त गिरफ्तार, चेकबुक-एटीएम और बाइक बरामद

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 16/09/2026 12:47:42 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 16/09/2026 12:47:42 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बस्ती वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में युवक यशवंत कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बस्ती वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में युवक यशवंत कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को तीनों को नगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे लोहरैया मोड़ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से मृतक से संबंधित चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, फोटो और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज ज्ञानेंद्र कुमार राय के अनुसार, 11 सितंबर को हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मंगलवार 15 सितंबर को करीब 9:58 बजे शेष तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

 इनकी हुई गिरफ्तारी 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ताओं में रीमा (26) पुत्री स्व. श्रीपत निवासी कौड़ीकोल, थाना कप्तानगंज, शीला (20) पुत्री स्व. श्रीपत निवासी कौड़ीकोल, थाना कप्तानगंज और गुड़िया (23) पुत्री जगन्नाथ चौधरी निवासी खड़ौवाखुर्द, थाना नगर, बस्ती शामिल हैं।

 मृतक के दस्तावेज और बाइक बरामद

पुलिस ने तीनों के कब्जे से दो एंड्राइड मोबाइल, मृतक की केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा की दो चेकबुक, एसबीआई का एटीएम कार्ड, यशवंत के दो फोटो और पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या यूपी51एएन4255 बरामद करने की जानकारी दी है।

 ड्यूटी के लिए निकला था युवक, फिर नहीं पहुंचा घर

पुलिस के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के खड़ौवाखुर्द निवासी हेमंत कुमार ने 11 सितंबर को तहरीर दी थी। बताया कि उसका भाई यशवंत कुमार (26) उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम की निर्माण इकाई गोरखपुर में संविदा पर कार्य करता था। आठ सितंबर को वह मोटरसाइकिल संख्या यूपी51बीडब्ल्यू6513 से ड्यूटी के लिए निकला था। शाम करीब 7:30 बजे वह मामा के बेटे अंकित कुमार के साथ नगर बाजार तक आया, लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंचा।

अगले दिन नौ सितंबर को उसकी मोटरसाइकिल थाना दुबौलिया क्षेत्र के बैरागल के किनारे पड़ी मिली। वहीं यशवंत का शव वाल्टरगंज क्षेत्र में धमौरा के पास सड़क किनारे मिला। शव की पहचान के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

 संयुक्त टीम ने की गिरफ्तारी

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज ज्ञानेंद्र कुमार राय, प्रभारी एसओजी विकास यादव, प्रभारी सर्विलांस शेषनाथ यादव, उपनिरीक्षक उपेंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक श्रीराम पाल समेत एसओजी, सर्विलांस और वाल्टरगंज थाने की संयुक्त टीम शामिल रही।