Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: चाचा की प्रताड़ना से परेशान युवती की हुई मौत, पुलिस पर लापरवाही का लगा आरोप

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Raju(UP) , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shikha Pandey, Date: 09/11/2026 03:07:19 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Raju(UP) ,
  • Edited By.: Shikha Pandey,
  • Date:
  • 09/11/2026 03:07:19 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में दिवाली की रात एक दुखद घटना सामने आई है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में दिवाली की रात एक दुखद घटना सामने आई है। चाचा की कथित मारपीट और लगातार प्रताड़ना से परेशान 19 वर्षीय युवती नैंसी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, युवती के पिता ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा है कि शिकायत करने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। मामला गणेश नगर की गली नंबर तीन का है। यहां संजीव कश्यप अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते हैं। उनकी बड़ी बेटी नैंसी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। पिता के मुताबिक, दिवाली की शाम वह मिठाई खरीदने बाजार गए थे। इसी दौरान उनके छोटे भाई सचिन उर्फ राजा पर नशे की हालत में घर पहुंचकर उनकी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद नैंसी अपने पिता के साथ सुभाषनगर थाने पहुंची और चाचा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पिता का आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। घर लौटने पर आरोपी ने कथित तौर पर दोबारा गाली-गलौज शुरू कर दी। परिवार के मुताबिक, लगातार हो रहे विवाद से नैंसी काफी परेशान थी। आरोप है कि रविवार देर रात करीब एक बजे उसने घर में फांसी लगा ली। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत के बाद मां गोमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, पिता संजीव कश्यप ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उनकी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। मामले में सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी चाचा सचिन उर्फ राजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब यह देखना होगा कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई थी और इस पूरे मामले में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं।