Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: पांचाल घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से हुई मौत

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Amar Deep , उत्तर प्रदेश  Edited By: Namita Chauhan, Date: 12/05/2026 05:27:37 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Amar Deep ,
  • Edited By.: Namita Chauhan,
  • Date:
  • 12/05/2026 05:27:37 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: फ़र्रुखाबाद फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा हो गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: फ़र्रुखाबाद फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ दोस्तों के साथ गंगा नहाने आए फिरोजाबाद निवासी एक 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के दोस्तों और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान फिरोजाबाद जनपद के थाना अराव क्षेत्र स्थित नगला हरी गांव के रहने वाले नितिन (21 वर्ष) के रूप में हुई है। सोमवार को नितिन अपने नौ अन्य दोस्तों के साथ ट्रेन के माध्यम से फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने के लिए आया था। मृतक के दोस्त सनी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सभी दोस्त काफी देर तक गंगा में नहाते रहे। इसके बाद जब भूख लगी, तो दो दोस्त नाश्ता लेने चले गए और बाकी सभी गंगा से बाहर निकल आए। इसी बीच नितिन ने अपने दोस्तों से कहा कि वह "बस 2 मिनट में आता है" और थोड़ा दूर चला गया। कुछ ही देर बाद जब दोस्तों ने चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी, तो वे मौके पर भागे। उन्होंने देखा कि नितिन गहरे पानी में डूब रहा था।

गोताखोरों ने निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित

डूबते हुए नितिन को देखकर उसके दोस्तों ने मदद के लिए गुहार लगाई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय गोताखोर तुरंत हरकत में आए और कड़ी मशक्कत के बाद नितिन को गंगा से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने परीक्षण के बाद नितिन को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


इस दर्दनाक घटना ने नितिन के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि नितिन अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा और लाडला था। उसके पिता ओमकार मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। नितिन ने इसी वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। जवान बेटे की इस तरह अचानक मौत की खबर से परिवार सदमे में है।