-
☰
No image found.
छत्तीसगढ़: बनपचरी गांव में बिजली के सर्विस तार से निकली चिंगारी बनी आग की वजह, ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद पाया काबू
- Photo by : social media
संक्षेप
छत्तीसगढ़: महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम बनपचरी में बिजली के सर्विस तार में शॉर्ट सर्किट होने से एक ग्रामीण के घर में भीषण आग लग गई।
विस्तार
छत्तीसगढ़: महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम बनपचरी में बिजली के सर्विस तार में शॉर्ट सर्किट होने से एक ग्रामीण के घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर की घास-फूस की छत और अंदर रखा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम बनपचरी निवासी रामेश्वर ध्रुव पिता सहदेव ध्रुव के घर के पास लगे बिजली के खंभे से जुड़े सर्विस तार में बुधवार, 18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे अचानक चिंगारी निकली। चिंगारी घर की घास-फूस और झिल्ली से बनी छत पर जा गिरी, जिससे आग लग गई। आग की लपटें उठती देख पड़ोस में रहने वाली नगीता ध्रुव और खुशी ध्रुव ने शोर मचाकर घरवालों को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर की पूरी छत जल चुकी थी। इस घटना में घर के अंदर रखी खाट, कूलर, पंखा, कपड़े और अन्य जरूरी घरेलू सामान जलकर राख हो गए। आग से मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित रामेश्वर ध्रुव ने पटेवा थाने में आवेदन देकर घटना का मौका मुआयना कर पंचनामा तैयार कराने और शासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
