-
☰
उत्तर प्रदेश: कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना, मनरेगा कर्मियों के आठ महीने के बकाया मानदेय का भुगतान करने की मांग
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर एवं जिला कांग्रेस कमेटी बहराइच के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर एवं जिला कांग्रेस कमेटी बहराइच के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मनरेगा अधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश को संबोधित एक मांगपत्र सौंपा गया, जिसमें ग्राम रोजगार सेवकों और संविदा कर्मचारियों के पिछले आठ महीनों से लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग की गई। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियां मजदूर विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत काम करने वाले लगभग एक करोड़ मजदूर परिवारों को कई महीनों से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। बहराइच सहित पूरे उत्तर प्रदेश में करीब दो हजार करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। साथ ही योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने वाले लगभग 40 हजार ग्राम रोजगार सेवकों और संविदा कर्मचारियों को भी पिछले आठ महीनों से मानदेय नहीं मिला है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनय सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जॉब कार्ड धारकों और मनरेगा कर्मियों का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनांदोलन शुरू करेगी। वहीं, कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शेख जकरिया शेखू ने कहा कि मनरेगा भुगतान और एलपीजी गैस की किल्लत जैसे मुद्दों को लेकर ईद के बाद फिर से सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता जगदीश सिंह, हसन इश्तियाक, सेवादल अध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र, दुलार यादव उर्फ शिवा पहलवान, अभिषेक गुप्ता, वशीर अंसारी, स्वदेश कुमार सिंह, संतोष कुमार निर्मल, सादात अहमद, रवीन्द्र स्वरूप, पवन कुमार सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने मनरेगा से जुड़ी समस्याओं पर अपने विचार रखे।