Contact for Advertisement 9650503773


 उत्तर प्रदेश: फर्जी लोन लिंक से साइबर ठगी का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, 3 आरोपी फरार
 

- Photo by : social media

उत्तर प्रदे  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदे  Edited By: Yashoda, Date: 27/08/2026 05:58:13 pm Share:
  • उत्तर प्रदे
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 27/08/2026 05:58:13 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बस्ती जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बस्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बस्ती जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बस्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आसान लोन दिलाने के नाम पर लोगों को जाल में फंसाने और उनकी फोटो को अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी देकर रुपये वसूलने वाले अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी साइबर कुलदीप सिंह यादव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानन्द सिंह और प्रभारी साइबर सेल शेषनाथ गोंड की संयुक्त टीम ने धोबी घाट, अमहट के पास कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

व्हाट्सएप-टेलीग्राम पर भेजते थे फर्जी लोन लिंक

पुलिस के अनुसार गिरोह व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से आसान लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को लिंक भेजता था। लिंक पर क्लिक करने के बाद आरोपी पीड़ितों के मोबाइल फोन की गैलरी और कांटैक्ट लिस्ट का एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद फोटो एडिटिंग एप की मदद से तस्वीरों को अश्लील बनाकर फर्जी सिम के माध्यम से पीड़ितों और उनके परिचितों को फोटो वायरल करने की धमकी देते थे। बदनामी के डर से पीड़ितों से रुपये की वसूली की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से एनसीसीआरपी पोर्टल पर 12 शिकायतें दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा अब तक करीब 12 से 15 लाख रुपये की ठगी और वसूली किए जाने की जानकारी सामने आई है।

 चार आरोपी गिरफ्तार, फर्जी सिम सप्लाई करने वाला भी शामिल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल सिंह पुत्र इन्द्रजीत सिंह निवासी मनिकारपुर, थाना हरैया, गौरव सिंह पुत्र शिवकुमार सिंह निवासी पिकौरा, थाना पैकोलिया, अफरोज पुत्र मुहम्मद जाहिर निवासी पिकौरा, थाना पैकोलिया तथा प्रद्युम्न चौरसिया पुत्र शिवपूजन निवासी ग्राम कलवारी मुस्तकहम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रद्युम्न चौरसिया गिरोह को फर्जी सिम उपलब्ध कराता था और अब तक करीब 30 से 40 फर्जी सिम बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, सात नए वोडाफोन सिम तथा तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में UP51BQ8474, UP51BR7661 और UP58AE1192 शामिल हैं। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 372/2026 दर्ज किया गया है।

 तीन आरोपी अभी फरार

पुलिस ने बताया कि गिरोह के लकी सिंह, अश्वनी सिंह और पीयूष सिंह अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

 इनकी रही कार्रवाई में अहम भूमिका

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानन्द सिंह, प्रभारी साइबर सेल शेषनाथ गोंड, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रसाद, जावेद खान, हेड कांस्टेबल अभिषेक कुमार त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

साइबर ठगी से बचने की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्हाट्सएप या टेलीग्राम लिंक पर क्लिक न करें और लोन के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों के झांसे में न आएं। मोबाइल में किसी भी एप को अनावश्यक रूप से गैलरी, कांटैक्ट या अन्य निजी डेटा का एक्सेस न दें। साइबर ठगी या ब्लैकमेलिंग का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।