-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: अभद्र वीडियो पर पत्रकारों का आक्रोश, आरोपी को जिलाबदर कर जेल भेजने की मांग
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: एक किशोरी की आत्महत्या से जुड़े मामले में नामजद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (ऐपजा) के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: एक किशोरी की आत्महत्या से जुड़े मामले में नामजद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (ऐपजा) के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया को तेज करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बजरंग दल के महानगर गौरक्षा प्रमुख निर्दोष राठौर समेत अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी फरार है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर विभिन्न समाचार पत्रों, पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के प्रति कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा धमकी दी, जिससे पत्रकारों में रोष व्याप्त है। पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की व्यक्तिगत गरिमा को ठेस पहुंचाना और मीडिया कर्मियों को धमकाना गंभीर विषय है तथा ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। ऐपजा के जिलाध्यक्ष अरविंदर सिंह (मिक्की) के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में यह भी कहा गया कि समाज में कानून का राज कायम रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपी के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद मामले को पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में भेजते हुए नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों मे परवीन शर्मा, राहुल सक्सेना, मुकेश, अशोक गुप्ता, अजय प्रताप, राहुल गुप्ता, संयोग सिंह, छत्रपाल, कलीम, रजनीश, हसीन दानिश, पवन त्रिपाठी, दुष्यंत कुमार, प्रदीप सक्सेना आदि लोग उपस्थित रहे।
