-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जा रही महिला सड़क हादसे में घायल, ट्रैफिक प्रभारी ने पहुंचाया अस्पताल
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती रक्षाबंधन के पर्व पर भाई को राखी बांधने जा रही एक महिला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे का शिकार हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती रक्षाबंधन के पर्व पर भाई को राखी बांधने जा रही एक महिला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे का शिकार हो गई। बाइक के खड़ी कार से टकराने के बाद महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। समय रहते मिली मदद से महिला को उपचार मिल सका। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12:20 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर चैनपुरवा के पास लखनऊ की ओर जा रही मोटरसाइकिल संख्या UP 51W 7500 सड़क किनारे खड़ी अर्टिगा कार संख्या UP 54 BD 4039 से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि महिला अपने घर से भाई को राखी बांधने के लिए भानपुर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी अपनी टीम के साथ कुछ ही समय में मौके पर पहुंच गए। उनके साथ यातायात पुलिस के कृष्णानंद पांडेय, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, लालमणि सहित स्थानीय पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। यातायात प्रभारी ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी और घायल महिला को बिना देरी स्ट्रेचर पर लिटाकर एम्बुलेंस में शिफ्ट कराया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। समय पर मिली सहायता के कारण घायल महिला को इलाज मिल सका। महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को शीघ्र सामान्य कराया। मौके पर मौजूद लोगों ने यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदना की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुलदीप त्रिपाठी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय सेवा, सुरक्षा और मानवता का भी प्रतीक है। गौरतलब है कि यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी इससे पहले भी कांवड़ यात्रा सहित विभिन्न अवसरों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। इस बार रक्षाबंधन के पर्व पर घायल महिला की समय रहते मदद कर उन्होंने एक बार फिर मानवीय सेवा की मिसाल पेश की है।
