-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: विश्व सिकल सेल दिवस पर थांदला में रक्तदान शिविर, कलेक्टर ने रक्तदाताओं का किया सम्मान
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संचालित "जीवन धारा अभियान – एक बूंद उम्मीद की" के तहत सिविल अस्पताल थांदला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट शामिल हु
विस्तार
मध्य प्रदेश: विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संचालित "जीवन धारा अभियान – एक बूंद उम्मीद की" के तहत सिविल अस्पताल थांदला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट शामिल हुए तथा रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं का मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मान किया। इस अवसर पर सिविल अस्पताल थांदला परिसर में स्थापित ब्लड डोनेशन काउंटर एवं ब्लड डोनेशन बस के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान किया गया। कलेक्टर ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है और इससे अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जिले में सिकल सेल बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रक्तदान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज भी कई लोगों में यह भ्रांति है कि रक्तदान करने से शरीर कमजोर हो जाता है, जबकि यह पूरी तरह गलत धारणा है। रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी है, बल्कि इससे शरीर में रक्त निर्माण की प्रक्रिया भी सक्रिय रहती है और रक्त संचार बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि झाबुआ एक जनजातीय जिला है, जहां सिकल सेल बीमारी के मामले अपेक्षाकृत अधिक पाए जाते हैं। भारत सरकार ने वर्ष 2047 तक सिकल सेल रोग उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में स्वैच्छिक रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। सिकल सेल रोगियों को अक्सर रक्त की आवश्यकता पड़ती है, ऐसे में प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान कर इस अभियान से जुड़ना चाहिए। कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वर्षभर का कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके तहत विभिन्न अवसरों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले को रक्त की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से स्वयं रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई तथा सिकल सेल रोगियों के लिए सहयोग का संदेश दिया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थान्दला श्री भास्कर गाचले एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी, रक्तदाता उपस्थित रहे।
