-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात सुधार और जाम समस्या पर हुआ मंथन
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने की। बैठक में पुलिस, परिवहन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं, जाम की स्थिति और सड़क सुरक्षा उपायों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान बानमौर कस्बे में लगातार लग रहे जाम की समस्या पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों, सड़क किनारे वाहन मरम्मत करने वाले प्रतिष्ठानों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान निकाला जाए। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। मुरैना-जौरा मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के कारण प्रभावित यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को कम से कम परेशानी हो और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए। बैठक में विवाह समारोहों के दौरान मैरिज गार्डनों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग से लगने वाले जाम पर भी चिंता व्यक्त की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मैरिज गार्डन संचालक अपने कुल क्षेत्रफल का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा पार्किंग के लिए आरक्षित रखें। जिन मैरिज गार्डनों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होगी, उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश नगर निगम को दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के छौंदा टोल क्षेत्र में क्षतिग्रस्त शोल्डरों की मरम्मत, बिना पंजीयन वाले ट्रैक्टर एवं डंपरों की जांच, ई-रिक्शा संचालन में रंग-कोड व्यवस्था लागू करने तथा नो-पार्किंग क्षेत्रों में स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों के सुधार कार्य वर्षा ऋतु से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बाबा देवपुरी क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव एवं जाम की समस्या के समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य कर जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्थान: खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें
मध्य प्रदेश: आंधी-तूफान में मकान की गिरी छत, मां-बेटे की हुई दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश: अधिक मास में हजारों पार्थिव शिवलिंग का हुआ भव्य पूजन, श्रद्धा से विसर्जन हुआ संपन्न
उत्तर प्रदेश: किसान के बेटे डॉ. कमल राज ने INI-SS में ऑल इंडिया 6वीं रैंक हासिल की
हरियाणा: नवीन भाजपा जिला कार्यालय का 8 जून को मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, तैयारियां हुई तेज
