-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग बना विजेता, रीवा उपविजेता
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: गाडरवारा में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता 19 वर्ष आयु वर्ग बालक का बुधवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में विजेता जबलपुर, उपविजेता रीवा एवं तृतीय स्थान प्राप्त सागर संभाग की टीमों को
विस्तार
मध्य प्रदेश: गाडरवारा में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता 19 वर्ष आयु वर्ग बालक का बुधवार को समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में विजेता जबलपुर, उपविजेता रीवा एवं तृतीय स्थान प्राप्त सागर संभाग की टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। उत्कृष्ट खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर के लिए देवांश तिवारी, सर्वश्रेष्ठ प्लेयर के लिए सुबीर अरोरा, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक के लिए ज्योतिरादित्य तिवारी, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के लिए संस्कार सिंह, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के लिए हर्ष वर्मा तथा सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए नीरज चौहान को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी ऑफिशियल्स एवं अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि नगर में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल आयोजन संभव हो रहे हैं। सभी के उल्लेखनीय योगदान से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित हुई। इस प्रकार के आयोजनों से नई खेल प्रतिभाएं सामने आती हैं। पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक ने कहा कि खेल में हार-जीत होती रहती है, लेकिन हार से सीखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से सरकार खेलों को आगे बढ़ाने की दिशा में बेहतर कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने कहा कि कोविड के बाद से खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। पिछले वर्षों में इसी मैदान पर राष्ट्रीय खेल आयोजनों को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया है और अब पुनः इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए आवश्यक हैं तथा हमें संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। डीपीआई से आए ऑब्जर्वर डॉ. राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सभी मैदानों पर बेहतर व्यवस्थाओं के कारण आयोजन सफल रहा। जबलपुर संभाग ने रीवा को हराकर जीता खिताब समापन के पूर्व नगर के रूद्र कॉलेज मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में जबलपुर संभाग ने रीवा संभाग को 6 विकेट से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्लेयर ऑफ द मैच एवं कप्तान सुबीर अरोरा के 5 विकेट और 23 रनों की शानदार पारी ने जबलपुर की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुबह टॉस जीतकर रीवा संभाग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कमजोर बल्लेबाजी के चलते 20 ओवर में सभी विकेट खोकर केवल 93 रन बनाए। जवाब में जबलपुर की पारी भी लड़खड़ाई, लेकिन टीम ने 18वें ओवर में 6 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस प्रकार रीवा संभाग उपविजेता रहा। सागर संभाग ने प्राप्त किया तृतीय स्थान एनटीपीसी खेल मैदान पर तृतीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में सागर संभाग ने नर्मदापुरम संभाग को 13 रनों से हराया। निर्धारित 20 ओवर के मैच में सागर संभाग ने अर्जित खरे की तेजतर्रार 73 रनों की पारी की बदौलत सभी विकेट खोकर 172 रन बनाए। जवाब में नर्मदापुरम संभाग की टीम 159 रन ही बना पाई और सागर संभाग ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह नागेश ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की तथा ध्वज जिला क्रीड़ा एवं कल्याण निरीक्षक अनुज जैन को सौंपा। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता पांडे, मुकेश मरैया, श्री हंसराज मालपानी, राजेश पटेल, नरेश कौरव, एसडीएम श्रीमती प्रगति वर्मा, एसडीओपी शुभम ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गाडरवारा सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा, बीईओ सुश्री सीमा डोंगरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न संभागों की टीमों के खिलाड़ी मौजूद थे। कार्यक्रम का मंच संचालन दीपक अग्निहोत्री व मनीष शंकर तिवारी और आभार प्रदर्शन पार्षद चंद्रकांत शर्मा ने किया।
