-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: पडरौना में बेकाबू रोडवेज बस ने कई लोगों को मारी टक्कर, नर्स की हुई मौत, 17 लोग घायल
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: कुशीनगर पडरौना नगर में मंगलवार शाम एक अनुबंधित रोडवेज बस की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: कुशीनगर पडरौना नगर में मंगलवार शाम एक अनुबंधित रोडवेज बस की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित बस ने कई किलोमीटर तक राहगीरों और वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 वर्षीय नर्स अंजना मिश्रा की मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, कसया निवासी अंजना मिश्रा पडरौना के छावनी स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक ने सबसे पहले छावनी क्षेत्र में सवारियों से भरे एक टेंपो को टक्कर मारी। इसके बाद बस रोकने के बजाय तेज रफ्तार में आगे बढ़ती रही। इस दौरान बस ने कई राहगीरों, बाइक सवारों और अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। छावनी क्षेत्र से बस डिपो होते हुए पीडी मॉल के पास तक बस की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से 16 को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। स्थानीय लोगों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बस और चालक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस घायलों के परिजनों को सूचना देने में जुटी है।
मध्य प्रदेश: 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग बना विजेता, रीवा उपविजेता
