Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: देवास के देवली गांव में बिजली संकट से ग्रामीण परेशान, अघोषित कटौती के खिलाफ फूटा आक्रोश

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Fulchand Malviya , मध्य प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 28/07/2026 06:01:26 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Fulchand Malviya ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 28/07/2026 06:01:26 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: देवास जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: देवास जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राम देवली में पिछले कई दिनों से जारी अघोषित बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना और तय शेड्यूल के घंटों तक बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की समस्याओं को जानने के लिए पत्रकार राहुल नवरंग मौके पर पहुंचे और गांव के लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि दिन हो या रात, बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है। कई बार लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि शाम होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्रों को हो रही है, जो बिजली नहीं होने के कारण मोबाइल टॉर्च और अन्य साधनों की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। वहीं, गर्मी और उमस के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत भी खराब हो रही है। बिजली के अभाव में घरों में लगे कूलर और पंखे बेकार साबित हो रहे हैं। देवली गांव के किसानों ने भी बिजली संकट को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरा क्षेत्र कृषि पर निर्भर है और सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से फसलों पर असर पड़ रहा है। समय पर पानी नहीं मिलने के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने की आशंका है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि गांव में नियमित और निर्धारित समय के अनुसार बिजली आपूर्ति की जाए। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में लगातार परेशानी से ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है।मौके पर पहुंचे पत्रकार राहुल नवरंग ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनकी परेशानियों को सामने लाने का प्रयास किया। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी समस्या अब प्रशासन और बिजली विभाग तक पहुंचेगी और जल्द ही इसका स्थायी समाधान किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे अपनी मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों के सामने आवाज उठाने के लिए मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि बिजली विभाग ग्रामीणों की समस्या का समाधान कितनी जल्दी करता है।