-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: रामगंगा नदी में नहाने के दौरान 10 वर्षीय बालक की डूबकर हुई मौत
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोरा लोकनाथपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में रामगंगा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोरा लोकनाथपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में रामगंगा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, गोरा लोकनाथपुर निवासी मनोज (10), पुत्र मनवीर, अपने साथियों संदीप, सचिन, करण, आदित्य, प्रदीप और आदेश के साथ पशु चराने के लिए रामगंगा नदी किनारे गया था। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में रातभर हुई बारिश और नदी में पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर बढ़ा हुआ था तथा नदी का बहाव भी तेज था। दोपहर के समय सभी बच्चे नदी में नहाने लगे। इसी दौरान मनोज गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालक की तलाश शुरू की। काफी देर तक चले खोजबीन अभियान के बाद शाम करीब पांच बजे मनोज को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पर मीरगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से हुई दुर्घटना का प्रतीत होता है। मृतक के परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही कोई तहरीर दी है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
